छत्तीसगढ़

AAP सरपंच हत्याकांड: पंजाब पुलिस ने रायपुर में छिपे दो शूटरों को किया गिरफ्तार

रायपुर। पंजाब के अमृतसर में एक शादी समारोह के दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच की सरेआम हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तरनतारन जिले के वल्टोहा गांव के सरपंच जरमल सिंह की गोली मारकर हत्या करने वाले दो आरोपियों को पंजाब पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार किया है, जिन्हें कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है।

पहले भी हो चुके थे हमले

पुलिस जांच में सामने आया है कि सरपंच जरमल सिंह पर पहले भी तीन बार हमले हो चुके थे, लेकिन वह हर बार बच गए थे। इस बार हमलावरों ने भीड़भाड़ वाले शादी समारोह में बिना किसी डर के वारदात को अंजाम दिया।

सोशल मीडिया पर पोस्ट कर ली हत्या की जिम्मेदारी

इस खौफनाक हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें डोली बल, प्रभ दासुवाल, अफ्रीदी तूत, मोहब्बत रंधावा, अमर खब्बे और पवन शौकीन नाम के लोगों ने इस वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। पोस्ट में पहले हुए हमलों का भी उल्लेख किया गया है। हालांकि पुलिस इन दावों की सत्यता की जांच कर रही है और सभी पहलुओं से मामले की पड़ताल जारी है।

हत्या के बाद आरोपियों ने रायपुर में बनाया था ठिकाना

वारदात के बाद आरोपी पंजाब से फरार होकर रायपुर में छिपे हुए थे। तकनीकी इनपुट और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पंजाब पुलिस ने रायपुर पुलिस के सहयोग से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, सुखराज और कर्मवीर नामक दोनों शूटर गिरफ्तार किए गए हैं। इन्हें रायपुर के राजेंद्र नगर स्थित ऋषभ अपार्टमेंट क्षेत्र से पकड़ा गया है। अब उन्हें कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर पंजाब ले जाया जाएगा, जहां उनसे आगे की पूछताछ होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button