छत्तीसगढ़

धान खरीदी में अव्यवस्था पर कांग्रेस का हमला, टीएस सिंहदेव व बैज ने सरकार को घेरा

 बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोला है। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने धान खरीदी की अव्यवस्था को लेकर सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए किसानों के साथ हो रहे व्यवहार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। सिंहदेव ने कहा, सरकार की मंशा ही नहीं है कि पूरा धान खरीदे। मैंने अपने जीवन में इतना ज्यादा किसानों को धान बेचने के लिए परेशान होते कभी नहीं देखा।

पूर्व डिप्टी सीएम सिंहदेव ने कहा कि किसानों को सरकार ने चोर बना दिया है। जो हमारे अन्नदाता हैं उन्हें आज चोर के रूप में देखा जा रहा है। कोई भी अधिकारी किसानों के घर में घुस रहा है। किसानों को चोर की संज्ञा देना किसानों का अपमान है। उन्होंने कहा, 2 साल के अनुभव के बाद भी सरकार धान खरीदी की व्यवस्था संभाल नहीं पाई। खेत की गिरदावरी, पंजीयन, टोकन की अव्यवस्था से लेकर सीमित कोटा और राइस मिल तक सरकार फेल है।

धान खरीदी की समय सीमा बढ़ाए सरकार : दीपक बैज

वहीं पीसीसी चीफ दीपक बैज ने भी धान खरीदी को लेकर सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में धान खरीदी पूरी तरह प्रभावित है। सरकार नहीं चाहती कि किसानों का पूरा धान खरीदा जाए। बैज ने बोआई से लेकर खाद, पंजीयन, रकबा समर्पण, टोकन और लिमिट तक की व्यवस्था को सरकार की नीयत उजागर करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि अब भी बड़ी संख्या में किसानों का पंजीयन नहीं हो पाया है। धान खरीदी केंद्रों को सरकार ने मजाक बना दिया है। किसानों में भारी आक्रोश है। सरकार को धान खरीदी की समय-सीमा बढ़ानी चाहिए, ताकि किसानों को राहत मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button