महाराष्ट्र में हरा बनाम भगवा पर घमासान…

मुंबई : एआईएमआईएम नेता वारिस पठान और इम्तियाज जलील के महाराष्ट्र और देश को हरे रंग में बदलने वाले बयान पर सियासत गरमाती जा रही है। एक के बाद एक नेताओं ने जमकर निशाना साधा है। ऐसे में महाराष्ट्र की सियासत में मुकाबला हरा बनाम भगवा हो गया है। बीजेपी नेताओं और एकनाथ शिंदे सेना ने ओवैसी और उनकी पार्टी एआईएमआईएम पर निशाना साधा है। नेता शायना एनसी ने बयान को लेकर वारिस पठान पर जोरदार पलटवार किया। उन्होंने कहा कि उनके दादा-परदादा भी इस देश को हरा नहीं कर पाए।
इम्तियाज जलील ने महाराष्ट्र में पार्टी के विस्तार के बारे में बात करते हुए ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) की नवनिर्वाचित पार्षद सहर शेख की ‘मुंब्रा को हरा कर देंगे’ वाली विवादित टिप्पणी का समर्थन किया था। राज्य में ‘हरा बनाम भगवा’ की राजनीतिक बहस को फिर से हवा देते हुए जलील ने कहा था, ‘सिर्फ मुंब्रा ही नहीं, बल्कि हम पूरे महाराष्ट्र में हरा रंग फैलाएंगे।’
AIMIM करती है सिर्फ इस्लामीकरण : शाइना एनसी
शायना एनसी ने कहा कि एआईएमआईएम सिर्फ इस्लामीकरण ही करता है। हरा रंग बोलना। वो भूल गए कि उनके दादा-परदादा भी इस देश को हरा नहीं कर पाए। औरंगजेब हो, अकबर हो, बाबर हो, हुमायूं हो, वो भी सक्षम नहीं हुए। ये महाराष्ट्र है, छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमि जहां हिंदवी स्वराज की स्थापना हुई। शाइना एनसी ने कहा कि आप भूलिएगा मत भगवा हमारा अस्तित्व, हमारा अभिमान है। आप तुष्टिकरण की राजनीति करते रहिए और समझ लीजिए कि जनता आपको नकारेगी। क्योंकि गए वो दिन जहां जात-पात-धर्म की राजनीति होती थी। आज है पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस और सिर्फ परफॉर्मेंस।
कृष्णा हेगड़े ने साधा निशाना
बीजेपी नेता कृष्णा हेगड़े ने कहा कि वारिस पठान और इम्तियाज जलील अपना चुनाव नहीं जीत पाए। दोनों लोकसभा और विधानसभा चुनाव हार गए। लोगों ने उन्हें नकार दिया। और ये नकारे हुए नेता आज कह रहे हैं कि वे भारत को हरा बनाएंगे। उन्हें पता होना चाहिए कि 500 साल पहले जब मुगलों ने यहां हमला किया था, तो हमने उन्हें यहीं दफना दिया था। यह छत्रपति शिवाजी महाराज की धरती है। यहां पहले भी भगवा था, कल भी भगवा रहेगा। हिंदुस्तान और भारत कभी हरा नहीं बन सकता। दो धर्मों में बंटवारा डालकर ऐसे नेता भाषण देने लगें तो कानून को कार्रवाई करनी चाहिए। दोनों नेता सबक सीख जाएंगे।




