बजट 2026-27-राहुल गांधी के आरोपों पर निर्मला सीतारमण का जवाब

नई दिल्ली: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय बजट को लेकर राहुल गांधी के आरोपों पर जोरदार पलटवार किया है। रविवार को उन्होंने दो टूक कहा कि अगर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष बजट की राजनीतिक वजहों से आलोचना करना चाहते हैं तो उनका स्वागत है, लेकिन अगर उन्हें उनका जवाब चाहिए तो तथ्यों के साथ बात करनी होगी। बता दें कि लोकसभा में केंद्रीय बजट 2026-27 पेश होने के बाद जब राहुल गांधी सदन से निकले और पत्रकारों ने उनसे इसपर प्रतिक्रिया मांगी तो उन्होंने यह कहकर टाल दिया कि कल यानी सोमवार को बोलेंगे। लेकिन, थोड़ी ही देर बाद एक्स पर ट्वीट करके बजट को ‘असली संकटों से अनजान’ बता दिया।
‘इकॉनमी और फंडामेंटल्स मजबूत हैं’
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि सरकार की आर्थिक दिशा स्थिर बनी हुई है और बजट में आम नागरिकों को वैश्विक अस्थिरता से सुरक्षित रखने के लिए कई तरह के प्रावधान किए गए हैं। राहुल गांधी के कोर्स करेक्शन वाली बात पर वित्त मंत्री ने कहा कि ‘मुझे नहीं पता कि वह किस कोर्स करेक्शन की बात कर रहे हैं। इकॉनमी और इसके फंडामेंटल्स मजबूत हैं।’ उन्होंने इस बात पर भी ध्यान दिलाया कि पूरी दुनिया में कई सेक्टर अनिश्चितता के दौर से गुजर रहे हैं।
वैश्विक अनिश्चितता का बजट में रखा ख्याल
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बोलीं कि ‘हमारे कई सेक्टर्स के सामने वैश्विक अनिश्चितता है, जिनके लिए हम छोटे और मंझोले उद्यमों,जैसे कि टेक्सटाइल, लेदर के लिए कई अलग-अलग तरह की स्कीम लेकर आए हैं, किसानों और वैल्यू एडिशन के लिए, महिला उद्यमियों, सेल्फ-हेल्प ग्रुप को फायदा पहुंचाने के लिए स्कीम लाए हैं।’ उन्होंने कहा है कि आम लोगों को वैश्विक अनिश्चितता से बचाने के यही रास्ते हैं, जो अपनाए जा रहे हैं, ताकि उनके जीवन में इसका कोई बड़ा प्रभाव न पड़े।
राहुल गांधी को वित्त मंत्री सीतारमण का जवाब
इसके बाद निर्मला सीतारमण ने राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा, ‘राजनीतिक तौर पर अगर आप आलोचना करना चाहते हैं तो आपका स्वागत है, प्लीज कीजिए। लेकिन, अगर आप मुझे तथ्य देना चाहते हैं,जिस पर आपके तर्क आधारित हैं, मैं सुनने की इच्छुक रहूंगी और उसका जवाब देना चाहूंगी।’ इससे पहले निर्मला सीतारमण ने वित्त मंत्री के तौर पर अपना नौवां केंद्रीय बजट पेश किया।
जट भारत के असली संकटों से अनजान- राहुल
इससे पहले राहुल गांधी ने एक्स पर अपने पोस्ट में केंद्रीय बजट की आलोचना करते हुए लिखा था कि इसमें असली संकट को नजरअंदाज किया गया है। उन्होंने लिखा, ‘युवा बिना नौकरी के। मैन्युफैक्चरिंग में गिरावट। निवेशक पैसे निकाल रहे हैं। घरेलू बचत में भारी गिरावट हो रही है। किसान संकट में हैं। आने वाले वैश्विक संकट सबको नजरअंदाज किया गया। यह बजट कोर्स करेक्शन से इनकार करता है, भारत के असली संकटों से अनजान है।’




