मामूली टक्कर में रिटायर्ड फौजी को पीटा फिर बोनट पर लटकाकर कार दौड़ाई

ग्वालियर: MP के ग्वालियर में सड़क पर गुंडागर्दी और हैवानियत की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसे देखकर रूह कांप जाए। यहां मामूली कार टकराने के विवाद में बदमाशों ने एक रिटायर्ड फौजी को न केवल बेरहमी से पीटा, बल्कि उन्हें कार के बोनट पर लटकाकर करीब आधा किलोमीटर तक कार दौड़ाई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार आदित्यपुरम निवासी रिटायर्ड फौजी कल्याण किशोर कांत शर्मा रात करीब 11 बजे अपने परिवार के साथ घर लौट रहे थे। तभी डीडी नगर चौराहे के पास उनकी कार की भिड़ंत एक दूसरी कार से हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दूसरी कार में सवार युवक नशे और गुस्से में इस कदर चूर थे कि उन्होंने तुरंत मारपीट शुरू कर दी।
बोनट पर फौजी लटके, सड़क पर दहशत
जानकारी अनुसार मारपीट करने वाले लोगों को रोकने के लिए जब फौजी ने उनकी कार के सामने खड़े होकर उनको रोकना चाहा तो बदमाशों ने गाड़ी रोकने के बजाय उन पर चढ़ा दी। फौजी अपनी जान बचाने के लिए कार के बोनट पर चढ़ गए, लेकिन आरोपियों ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार और बढ़ा दी। करीब 500 मीटर तक फौजी बोनट पर लटके रहे। आरोपियों ने उन्हें नीचे गिराने के लिए चलती कार में अचानक ‘इमरजेंसी ब्रेक’ मारा। झटके से सड़क पर गिरने के कारण फौजी को गंभीर चोटें आईं, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।
कार नंबर ट्रेस हो गया, आरोपियों की पहचान कर रही
घटना का 16 सेकंड का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो अब पुलिस के पास है। महाराजपुरा पुलिस ने कार नंबर (MP 07 ZL-8545) के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान लगभग हो चुकी है और जल्द ही वे सलाखों के पीछे होंगे।




