AI फोर्स का गठन करेंगे ट्रंप, अभी नया एआई सलाहकार नियुक्त करने का किया एलान

रॉयटर, वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने इंटरने मीडिया पर घोषणा की है कि वह जल्द ही एक नया एआई सलाहकार यानी एआइ जार नियुक्त करेंगे और देश में एक संघीय एआई फोर्स का गठन भी करेंगे। हालांकि, उन्होंने अपनी इन पहलों के क्रियान्वयन या रूपरेखा को लेकर फिलहाल कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।
ट्रंप ने अपने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि उनका प्रशासन एआई उद्योग के विकास में किसी भी तरह की बाधा उत्पन्न नहीं करेगा, बल्कि इसके बढ़ने पर पूरी नजर रखेगा।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि किसी भी तरह की संभावित गड़बड़ी या गलत गतिविधियों से निपटने के लिए मौजूदा आपराधिक और नागरिक न्याय प्रणाली ही पर्याप्त है और इसके लिए अतिरिक्त नियमों की कोई आवश्यकता नहीं है।
वाशिंगटन में एआई सुरक्षा विशेषज्ञों के बीच तकनीक के संभावित खतरों को लेकर चिंताएं लगातार बढ़ रही हैं। इसके बावजूद ट्रंप लगातार एआइ को लेकर चिंताओं को खारिज करते आए हैं।
जानकारों का मानना है कि अमेरिका और चीन के बीच वैश्विक स्तर पर एआई वर्चस्व की दौड़ तेज हो गई है, जिसे दोनों देश अपनी आर्थिक और सैन्य ताकत के लिए बेहद अहम मानते हैं।
यदि ट्रंप अपनी इस योजना को अमलीजामा पहनाते हैं, तो उनके कार्यकाल में यह दूसरा मौका होगा जब किसी एआइ प्रमुख की नियुक्ति की जाएगी। इससे पहले वेंचर कैपिटलिस्ट डेविड सैक्स इस भूमिका को संभाल चुके हैं।




