अमेरिकी संसद ने ट्रंप को दिया बड़ा झटका: ईरान युद्ध से सैनिक वापस बुलाने का प्रस्ताव किया पास

नई दिल्ली। अमेरिका के प्रतिनिधि सभा (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) ने बुधवार को एक प्रस्ताव पास कर दिया है, जिसमें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से ईरान युद्ध से अमेरिकी सैनिकों को वापस बुलाने की मांग की गई है। यह प्रस्ताव 215-208 के अंतर से पास हुआ। इसमें ट्रंप की अपनी पार्टी के 4 रिपब्लिकन सदस्यों ने भी डेमोक्रेट्स का साथ दिया। हालांकि यह प्रस्ताव सिर्फ प्रतीकात्मक है, लेकिन ट्रंप के लिए राजनीतिक रूप से बड़ा झटका माना जा रहा है।
डेमोक्रेट्स ने कहा कि यह अमेरिकी जनता की तरफ से ट्रंप को साफ संदेश है कि उनका ईरान में चलाया गया अवैध युद्ध अब खत्म होना चाहिए। तीन महीने पहले शुरू हुए इस युद्ध के बाद रिपब्लिकन-नियंत्रित हाउस ने पहली बार ऐसा प्रस्ताव पास किया है। डेमोक्रेट्स इसे कांग्रेस की ताकत बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रहे हैं।
वार पावर्स एक्ट का मुद्दा
डेमोक्रेट्स का आरोप है कि ट्रंप ने बिना कांग्रेस की अनुमति के इजरायल के साथ मिलकर ईरान पर हमला किया, जो संविधान का उल्लंघन है। वार पावर्स एक्ट के अनुसार, राष्ट्रपति को 60 दिनों के अंदर अनुमति लेनी चाहिए थी, लेकिन समय सीमा निकल चुकी है। ट्रंप प्रशासन कहता है कि युद्ध पहले ही खत्म हो चुका है, लेकिन दोनों तरफ अभी भी गोलीबारी और हमले हो रहे हैं।




