अमेरिका के टेक्सस में सेना का अपाचे हेलीकॉप्टर क्रैश, दो लोगों की मौत

अमेरिका के टेक्सस राज्य में बुधवार को अमेरिकी सेना का एक अपाचे अटैक हेलीकॉप्टर खेत में क्रैश हो गया। इस हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार दोनों लोगों की मौत हो गई। क्रैश के बाद लगी जंगल की आग के कारण कई घरों को खाली कराना पड़ा।
एपी, वाशिंगटन। अमेरिका के टेक्सस राज्य में बुधवार को अमेरिकी सेना का एक अपाचे अटैक हेलीकॉप्टर खेत में क्रैश हो गया। इस हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार दोनों लोगों की मौत हो गई। क्रैश के बाद लगी जंगल की आग के कारण कई घरों को खाली कराना पड़ा।
अधिकारियों ने पुष्टि की कि एएच-64 अपाचे हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ। बेल काउंटी शेरिफ कार्यालय के प्रवक्ता क्लिफ कोलमैन ने बताया कि दोनों सवार मारे गए।
हादसे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। फोर्ट हुड की क्रिमिनल इनवेस्टिगेशन डिवीजन जांच कर रही है। कोलमैन ने कहा कि हेलीकॉप्टर किसी घर या अन्य संरचना से नहीं टकराया। उन्होंने बताया कि यह एक हिंसक क्रैश था।
ब्रिगेडियर जनरल एथन डिवेन, कार्यवाहक कमांडिंग जनरल ने कहा कि हमारी तत्काल प्राथमिकता स्थल को सुरक्षित करना और प्रारंभिक राहत प्रयासों का समर्थन करना है। चालक दल और उनके परिवारों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं। हम आगे की जानकारी का इंतजार कर रहे हैं।




