अंतर्राष्ट्रीय

यूक्रेन का रूस पर भीषण हमला, 1300 किमी भीतर घुसकर तेल रिफाइनरी को बनाया निशाना

नई दिल्ली। यूक्रेन तेल ठिकानों और उसके ढांचे पर ड्रोन हमले कर रूस को लगातार नुकसान पहुंचा रहा है। शनिवार-रविवार रात ड्रोन हमलों से यूक्रेन ने रूस की एक रिफायनरी, तेल पाइपलाइन, आयल पंपिंग स्टेशन और तेल भंडार को नुकसान पहुंचाया है। इन हमलों से बड़े हिस्से में आग लग गई जिस पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

यूक्रेनी सेना ने बताया ड्रोन हमले में वोल्गा नदी के किनारे बनी सारातोव आयल रिफायनरी को निशाना बनाया गया। इससे रिफायनरी परिसर के बड़े हिस्से में आग लग गई। इसी प्रकार से किरोव क्षेत्र में स्थित लाजारेवो पंपिंग स्टेशन पर भी यूक्रेन के ड्रोन हमले में भीषण आग लगने की सूचना है।

यह पंपिंग स्टेशन यूक्रेन से करीब 1,300 किलोमीटर दूर है। जबकि रूस के बेलगोरोद इलाके में यूक्रेनी ड्रोन हमले में तीन लोग घायल हुए हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि ताजा हमले रूस में सैकड़ों किलोमीटर भीतर जाकर किए गए।

उन्होंने बताया कि हाल ही में उनके देश को जर्मनी से अत्याधुनिक मिसाइल लांचर मिले हैं। लेकिन सेना के पास एयर डिफेंस मिसाइलों की कमी है जिसका लाभ रूस को हमला करने में मिल रहा है। जेलेंस्की ने एक बार फिर सहयोगी देशों से और ज्यादा लांचर और मिसाइलें देने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button