छत्तीसगढ़

CG Weather : छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, अगले 4 दिन बारिश का अलर्ट

रायपुर।  छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश के कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है, जबकि कई इलाकों में पूरे दिन बादल छाए रहने से मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग ने आज से अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात होने की चेतावनी भी जारी की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरिया, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जशपुर, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, कबीरधाम, बेमेतरा, राजनांदगांव और कांकेर समेत कई जिलों में आज बारिश होने के आसार हैं। कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है।

राजधानी रायपुर की बात करें तो आज पूरे दिन बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। 

बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान रायपुर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, इस सीजन में अब तक प्रदेश में सामान्य से 17 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के ऊपर सक्रिय निम्न दबाव का क्षेत्र, समुद्र तल पर बनी मानसूनी द्रोणिका और अरब सागर से लेकर पूर्वी भारत तक फैली मौसमी प्रणाली के संयुक्त प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। 

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। यदि जरूरी काम न हो तो खराब मौसम में यात्रा करने से बचें और मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर बनाए रखें।

Related Articles

Back to top button