उत्तरप्रदेश

गाजियाबाद गैंगरेप: फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा केस, पुलिस का दावा- 3 घंटे तक बच्ची से हुई हैवानियत

गाजियाबाद: राजनगर एक्सटेंशन में एक निर्माणाधीन मॉल में शुक्रवार रात गैंगरेप के बाद मासूम की हत्या के मामले में दो आरोपी पकड़े गए। कोर्ट में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया। बच्ची से न केवल दरिंदगी की गई बल्कि काफी बर्बरता के बाद उसकी हत्या की गई। छत से फेंकने की वजह से उसके सिर की 17 हड्डियां टूट गई। इसके अलावा शरीर के कई अंग भी क्षतिग्रस्त हो गए।

इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हुआ है। आरोपियों ने करीब तीन घंटे तक बच्ची के साथ हैवानियत की। पुलिस का दावा है कि 20 दिन में चार्जशीट दाखिल कर देंगे। साथ ही मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी। आरोपियों को सख्त सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
राजनगर एक्सटेंशन में एक मॉल का निर्माण चल रहा है। इसमें काम करने वाले लोग मॉल के पीछे ही अस्थायी कमरे में रहते हैं।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गैंगरेप की पुष्टि

यहां पर एक शख्स परिवार के साथ रहता है। दंपती काम पर गए थे। दोनों लौटे तो पाया कि सात साल की बेटी घर में नहीं थी। देर रात तक ढूंढने के दौरान वहां मौजूद लोगों ने बताया कि दो युवक बच्ची को कोल्ड ड्रिंक और समोसा खिलाने ले गए थे। रात 12 बजे लोअर बेसमेंट में निवस्त्र हालत में उसे पड़ा देखा। उसका सिर बुरी तरह से कुचला हुआ था और गर्दन पर चोट के निशान थे। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बच्ची के साथ गैंगरेप की पुष्टि हुई है। उसके अंदरूनी हिस्सों में चोट के निशान हैं। आरोपियों ने बच्ची को जमीन पर पटका और फिर ऊपर से फेंक दिया।

करीब तीन घंटे तक बच्ची के साथ बर्बरता की

इससे सिर के बल गिरने से उसके सिर की 17 हड्डियां टूट गई और बाएं पैर की दो हड्डियां भी टूट गई। इसके अलावा शरीर के कई अंग क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, पुलिस को जांच में पता चला कि आरोपियों ने करीब तीन घंटे तक बच्ची के साथ बर्बरता की। पुलिस के अनुसार, आरोपी शुक्रवार रात करीब पौने आठ बजे मासूम को लेकर निर्माणाधीन मॉल परिसर में ले जाते हुए नजर आए। इसके बाद रात में करीब 11 बजे एक आरोपी मॉल से बाहर निकलता दिखाई दिया।

कड़ी सजा दिलाने का होगा प्रयास

पुलिस का दावा है कि 20 दिन के भीतर चार्जशीट तैयार कर कोर्ट में दाखिल करने का प्रयास करेंगे। इसके बाद केस की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई के लिए प्रयास करेंगे, ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द सजा हो सके।

बिहार के रहने वाले आरोपी शहाबुद्दीन और विनय को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

प्रियाश्री पाल, कार्यवाहक एसीपी नंदग्राम

Related Articles

Back to top button