मध्यप्रदेश

मदद के बहाने पकड़ा हाथ, छात्रा की कलाई पर उर्दू में लिखा नाम, विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी, आरोपी रेहान गिरफ्तार

खंडवा:एमपी के खंडवा शहर के प्रतिष्ठित एसएन कॉलेज परिसर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक छात्रा का हाथ पकड़कर उसकी कलाई पर उर्दू में नाम लिखना और जबरन प्यार का इजहार करना एक युवक को भारी पड़ गया। पीड़िता की शिकायत और हिंदूवादी संगठनों के भारी विरोध के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान खंडवा के छोटी बोरगांव निवासी रेहान के रूप में हुई है।

पूछताछ के बहाने पकड़ी कलाई, लिखा नाम

घटना बुधवार की है जब कॉलेज की बीए प्रथम वर्ष में पढ़ने वाली एक छात्रा परिसर में मौजूद थी। इसी दौरान छात्रा ने वहां खड़े युवक रेहान से किसी प्रोफेसर के संबंध में पूछताछ की। मदद करने के बहाने आरोपी रेहान ने अचानक छात्रा की कलाई पकड़ ली। छात्रा कुछ समझ पाती, इससे पहले ही आरोपी ने जबरन उसकी कलाई पर उर्दू भाषा में अपना नाम लिख दिया और उसके सामने प्यार का इजहार करने लगा।


विरोध करने पर मिली जान से मारने की धमकी

जब छात्रा ने युवक की इस अवांछित और आपत्तिजनक हरकत का कड़ा विरोध किया, तो आरोपी रेहान अपनी औकात पर उतर आया। उसने कॉलेज परिसर में ही छात्रा को डराया-धमकाया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दे डाली। घटना से डरी-सहमी छात्रा ने तुरंत अपने परिजनों और स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं को इस बात की जानकारी दी।

पोक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में FIR, आरोपी भेजा गया जेल

मामला सामने आने के बाद हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पीड़िता के साथ कोतवाली थाने पहुंचे। थाने में पूछताछ के दौरान छात्रा ने पुलिस को पूरी आपबीती सुनाई। हिंदू जागरण मंच के कड़े रुख के बाद पुलिस ने आरोपी रेहान के खिलाफ पोक्सो एक्ट और जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और खंडवा न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायालय ने आरोपी युवक को सीधे जेल भेज दिया।

हिंदू जागरण मंच ने जताया कड़ा विरोध, ‘गैंग’ की सक्रियता का आरोप

इस पूरे घटनाक्रम को लेकर हिंदू जागरण मंच ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। संगठन के पदाधिकारियों ने साफ तौर पर कहा कि शहर में कुछ विशेष प्रकार के ‘गैंग’ सक्रिय हैं, जो हिंदू युवा और युवतियों को बहलाने-फुसलाने और उनका धर्म परिवर्तन कराने की साजिश रच रहे हैं। संगठन ने चेतावनी दी है कि ऐसी किसी भी असामाजिक मंशा को खंडवा में कभी कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। इस घटना के बाद कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

Related Articles

Back to top button