तकनीकी

iPhone Duo की 4883mAh बैटरी, फोल्डेबल फोन में कितना मिलेगा बैकअप?

Apple के पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन iPhone Duo की बिक्री भारत समेत ग्लोबल मार्केट में शुरू हो गई है. ऐसे में इस फोन को खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए यह जानना जरूरी है कि इसमें कितनी क्षमता की बैटरी दी गई है और एक बार चार्ज करने पर यह कितनी देर तक साथ निभा सकती है.

भारत में iPhone Duo की शुरुआती कीमत 2,99,900 रुपये है. सितंबर में पेश किए गए इस फोन में 7.6 इंच की अंदरूनी फोल्डेबल स्क्रीन और 5.4 इंच की बाहरी डिस्प्ले मिलती है. फोन की बैटरी क्षमता से जुड़ी जानकारी यूरोप के एनर्जी लेबलिंग डेटाबेस में भी सामने आई है. वहीं, Apple ने अलग-अलग परिस्थितियों में वीडियो प्लेबैक को लेकर अपने अनुमान भी बताए हैं. तो आइए जानते हैं कि  फोल्डेबल फोन में कितना बैकअप मिलेगा. 

iPhone Duo में 4883mAh की बैटरी

iPhone Duo में कुल 4883mAh की बैटरी दी गई है. इस फोन में बैटरी को दो हिस्सों में बांटा गया है. इनमें से एक सेल की क्षमता 2962mAh और दूसरे की 1921mAh है. फोल्डेबल फोन में दो डिस्प्ले और उन्हें जोड़ने वाले हिंज के लिए भी जगह रखनी पड़ती है. ऐसे डिजाइन में बैटरी को दो हिस्सों में रखना फोन की बनावट से जुड़ा है. इस डिवाइस की बैटरी एंड्योरेंस रेटिंग 51 घंटे 30 मिनट बताई गई है.

फोल्डेबल फोन में कितना बैकअप मिलेगा?

Apple के मुताबिक, iPhone Duo सामान्य इस्तेमाल में एक बार चार्ज करने पर 24 घंटे तक चल सकता है. इस फोन की बाहरी स्क्रीन पर वीडियो देखने पर 44 घंटे तक और अंदर की बड़ी फोल्डेबल स्क्रीन पर 31 घंटे तक का प्लेबैक टाइम मिलता है. वहीं इंटरनेट के जरिए वीडियो स्ट्रीम करने पर बाहरी डिस्प्ले के साथ 37 घंटे और अंदरूनी डिस्प्ले के साथ 26 घंटे तक बैटरी चलने का दावा किया गया है.

iPhone Duo कितनी जल्दी होगा चार्ज?

फोन में दो बिल्ट-इन रिचार्जेबल लिथियम-आयन बैटरियां दी गई हैं. चार्जिंग की बात करें तो 60W या उससे ज्यादा क्षमता वाले अडैप्टर और USB-C केबल से फोन को करीब 20 मिनट में 50 प्रतिशत तक चार्ज किया जा सकता है. वहीं 35W या उससे ज्यादा के अडैप्टर के साथ MagSafe चार्जर इस्तेमाल करने पर लगभग 30 मिनट में बैटरी 50 प्रतिशत तक चार्ज हो सकती है. 

भारत में इतनी है iPhone Duo की कीमत

Apple iPhone Duo के 256GB स्टोरेज वाले बेस मॉडल की कीमत 2,99,900 रुपये है. इसके 512GB वेरिएंट के लिए 3,24,900 रुपये, 1TB मॉडल के लिए 3,74,900 रुपये और 2TB स्टोरेज वाले टॉप वेरिएंट के लिए 4,49,900 रुपये देने होंगे. फोन की बिक्री Apple के ऑनलाइन स्टोर और Croma, Reliance Digital साथ ही Vijay Sales जैसे रिटेल स्टोर पर शुरू हो गई है.

Related Articles

Back to top button