स्वास्थ्य

कटहल फल है या सब्जी? ज्यादातर लोगों को नहीं पता होगा सही जवाब, दिलचस्प फैक्ट्स और फायदे

कटहल खाने में लाजवाब होता है. कटहल का कोफ्ता हो या फिर मसालेदार सब्जी, खाने में बेहद ही स्वादिष्ट लगते हैं. सही से इसे बनाया जाए तो इसके सामने कई बार मटन, चिकन भी फेल लगता है. वैसे, जो लोग नॉनवेज नहीं खाते हैं, उनके लिए कटहल नॉनवेज से कम नहीं है. आप कटहल तो खूब खाते होंगे, लेकिन काफी लोग ये नहीं जानते हैं कि कटहल एक सब्जी है या फल? आमतौर पर लोग कटहल को सब्जी समझ बठैते हैं. जानिए यहां कटहल सब्जी है या फल, क्या होते हैं कटहल खाने के फायदे, इसमें मौजूद पोषक तत्वों के बारे में यहां…

कटहल में मौजूद पोषक तत्व
कटहल में कई तरह के विटामिंस और मिनरल्स पाए जाते हैं. विटामिन ए, सी, बी6, ई, फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट्स, पोटैशियम, कैल्शियम, मैग्नीशियम, आयरन आदि इसमें होते हैं. कटहल में सबसे अधिक कार्बोहाइड्रेट और पानी पाया जाता है. कार्बोहाइड्रेट होने के कारण कटहल शरीर को भरपूर ऊर्जा देता है. इसके गूदे में पानी लगभग 75 फीसदी होता है, जो शरीर को हाइड्रेटेड रखता है.

कटहल खाने के फायदे
-कटहल तो फायदेमंद होता ही है, इसके बीज भी पौष्टिक होते हैं. कटहल के बीजों में भी जिंक, फाइबर, प्रोटीन, कॉपर, फॉस्फोरस, स्टार्च आदि होते हैं.

-कटहल पाचन तंत्र के लिए बेहद हेल्दी होता है. इसमें फाइबर होने के कारण पाचन को बेहतर बनाए रखता है. पेट साफ होता है. कब्ज से छुटकारा मिल सकता है.

-चूंकि, कटहल में विटामिन सी और कुछ एंटीऑक्सीडेंट्स मौजूद होते हैं, जो इम्यूनिटी को बूस्ट करने में बेहद कारगर हैं.

-पोटैशियम होने के कारण कटहल दिल के लिए भी बेहद हेल्दी है. यह ब्लड प्रेशर को कंट्रोल में रखता है.

-कार्बोहाइड्रेट होने के कारण यह ऊर्जा का मुख्य सोर्स है. कटहल खाने के बाद शरीर को भरपूर ऊर्जा मिलती है.

-कैल्शियम और मैग्नीशियम होने के कारण हड्डियों को मजबूत बनाए रखता है.

कटहल फल है या सब्जी?
अगर वानस्पतिक रूप की बात करें तो कटहल एक फल की श्रेणी में आता है. इसका वैज्ञानिक नाम आर्टोकार्पस हेटरोफिलस होता है. कटहल का पेड़ काफी बड़ा होता है, जिसमें बड़े-बड़े कटहल के फल निकलते हैं. कटहल में गूदा होने के साथ ही बीज भी होते हैं. हालांकि, जब कटहल छोटा और कच्चा होता है, तब इसे सब्जी कहा जाता है. जब आप कच्चे कटहल को पकाते हैं तो ये सब्जी की ही तरह इस्तेमाल होता है. आमतौर पर जब कटहल कच्चा होता है, तो सब्जी की तरह यूज किया जाता है. जब यह बड़ा होकर पक जाता है, तो फल बन जाता है. संभवत: इसी वजह से काफी लोग इसमें कंफ्यूज हो जाते हैं. बात करें साइंस के मुताबिक तो कटहल एक फल है और जब कच्चा, अधपका सा रहता है तो यह एक सब्जी है.

कटहल के बारे में रोचक फैक्ट्स
कटहल पेड़ पर उगने वाला सबसे बड़ा फल माना जाता है.
वजन में ये लगभग 5 से 40 किलो तक का हो सकता है.
इसे वैज्ञानिक नाम आर्टोकार्पस हेटरोफिलस (Artocarpus heterophyllus) है.
कटहल सबसे ज्यादा भारत, दक्षिण-पूर्व एशिया, बांग्लादेश में मिलता है.
कच्चे कटहल को शाकाहारी मटन भी कहा जाता है. ऐसा इसलिए, क्योंकि ये बनावट और पकने के बाद काफी हद तक मांस जैसा होता है.
जब कटहल पक जाता है तो स्वाद में मीठा और लगता है. जब कच्चा होता है तो इसकी सब्जी बनाई जाती है.
कटहल के बीजों को भी आप खा सकते हैं.

Related Articles

Back to top button