खेल

मोरक्को ने छुड़ाए ब्राज़ील के पसीने, हारते-हारते बची पांच बार की चैंपियन टीम, मुकाबला 1-1 से ड्रा

दुनिया की सातवें नंबर की टीम मोरक्को ने रविवार को फुटबॉल वल्र्ड कप में पांच बार की चैंपियन ब्राजील को ड्रॉ पर रोका। ब्राजील की टीम 1934 के बाद से अपना ओपनिंग मैच नहीं हारी है। ग्रुप-सी के इस मुकाबले में 2022 की सेमीफाइनलिस्ट मोरक्को ने इस्माइल साइबारी के गोल से बढ़त बनाई। हालांकि, स्टार फॉरवर्ड विनिसियस जूनियर के शानदार गोल से ब्राजील ने वापसी कर एक अंक हासिल किया। मोरक्को ने अटैकिंग शुरुआत की और 21वें मिनट में बढ़त हासिल कर ली। नुसैर मजराउई ने ब्राजील के मिडफील्डर लुकास पाकेटा से गेंद छीनने के बाद ब्राहिम डियाज को पास दिया। फिर डियाज की शानदार थ्रू बॉल पर इस्माइल साइबारी ने दौड़ लगाई और गोलकीपर एलिसन बेकर के ऊपर से गेंद चिप करते हुए गोल दाग दिया।

ब्राजील ने 11 मिनट बाद जवाब दिया। 32वें मिनट में विनिसियस जूनियर ने ब्रूनो गिमारेस के साथ बेहतरीन तालमेल दिखाया। बाएं फ्लैंक से अंदर की ओर बढ़ते हुए उन्होंने जोरदार राइट फुट शॉट लगाया, जो मोरक्को के गोलकीपर यासीन बूनू को छकाते हुए गोल में चला गया। यह विनिसियस के इंटरनेशनल करियर का 10वां गोल है। ब्राजील इस वल्र्ड कप में 2002 के बाद पहला खिताब जीतने के इरादे से उतरा है, हालांकि टीम को अपने स्टार खिलाड़ी नेमार की कमी खली, जो पिंडली की चोट से उबर रहे हैं और इस मुकाबले में नहीं खेले।

स्कॉटलैंड का 44 साल बाद जीत के साथ आगाज़

फीफा वल्र्ड कप के अन्य मुकाबले में स्कॉटलैंड ने हैती को 1-0 से हराया। बूस्टन स्टेडियम में 28वें मिनट में जॉन मैक्गिन ने गोल दागा। यह निर्णायक गोल साबित हुआ। स्कॉटलैंड ने 44 साल बाद फुटबॉल वल्र्ड कप में जीत से शुरुआत की है। स्कॉटलैंड के स्कॉट मैकटॉमिने ने शुरुआती मिनटों में एक हेडर बाहर मारा और फिर उनका शॉट पोस्ट से टकराकर लौट आया। 29वें मिनट में चे एडम्स ने बेन गैनन-डोक को पास दिया। उनके क्रॉस को हैती के डिफेंडर्स ने रोका, लेकिन गेंद बॉक्स के बाहर खड़े जॉन मैक्गिन के पास पहुंच गई।

मैक्गिन ने जोरदार शॉट लगाया, जो डिफ्लेक्शन के बाद गोल में चला गया। गोल खाने के बाद हैती ने वापसी की कोशिश की। रूबेन प्रोविडेंस ने शानदार मौका बनाया, लेकिन स्कॉटलैंड के गोलकीपर एंगस गन ने खतरा टाल दिया। दूसरे हाफ में भी मुकाबला तेज गति से खेला गया, हालांकि दोनों टीमों को ज्यादा साफ मौके नहीं मिले। मैक्गिन के पास दूसरा गोल करने का अवसर था, लेकिन उनका शॉट टारगेट पर नहीं गया। मैच के अंतिम चरण में हैती ने बराबरी के लिए पूरा जोर लगाया। पर स्कॉटलैंड ने बढ़त बरकरार रखी और 1-0 से जीत दर्ज कर ली।

कतर ने ड्रॉ पर रोका स्विट्जरलैंड

सांता क्लारा। आखिरी क्षणों में बौआलेम खौखी के गोल से कतर ने फुटबॉल वल्र्ड कप मैच में स्विट्जरलैंड को 1-1 के ड्रॉ पर रोक लिया। इंजरी टाइम के चौथे मिनट में हेडर के जरिए आए इस गोल ने कतर को हार से बचा लिया, जबकि स्विट्जरलैंड से जीत छीन ली। इससे पहले 90 मिनट के खेल में स्विट्जरलैंड का दबदबा रहा, पर टीम जीत नहीं हासिल कर सकी। स्विट्जरलैंड को 17वें मिनट में बढ़त मिली। कतर के गोलकीपर महमूद अबुनादा ने ब्रेल एंबोलो को बॉक्स के अंदर फाउल कर दिया, जिसके बाद रेफरी ने पेनल्टी दी। एंबोलो ने मौका नहीं गंवाया और गेंद को गोलपोस्ट के ऊपरी कोने में पहुंचाकर टीम को 1-0 से आगे कर दिया। मैच में स्विट्जरलैंड ने गेंद पर ज्यादा नियंत्रण रखा और कई बार गोल करने के मौके बनाए। हालांकि कतर की रक्षापंक्ति और गोलकीपर ने कई हमलों को नाकाम कर टीम को मैच में बनाए रखा।

Related Articles

Back to top button