अब धाराशिव में मिली जहरीली कोल्ड ड्रिंक! पीते ही दो नर्सें बीमार, पालकी यात्रा में बांटी जानी थी

महाराष्ट्र के मुंबई में पहले जहरीले कैप्सूल ने दहशत फैलाई और अब धाराशिव जिले में जहरीली ‘कोल्ड ड्रिंक’ पाई गई है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है. दरअसल, धाराशिव के कलंब में कोल्ड ड्रिंक पीने से दो नर्सों को फूड पॉइजनिंग हो गई. यह कोल्ड ड्रिंक वारी में बांटने की थी तैयारी हो रही थी. गनीमत रही कि भारी संख्या में लोगों को कोल्ड ड्रिंक बंटने से पहले ही यह घटना टल गई. हालांकि, दोनों नर्सों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
दो नर्सें पूजा जाधव और पल्लवी सौदागर को फूड पॉइजनिंग हो गई. पूजा जाधव का लातूर के गैलेक्सी हॉस्पिटल के इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में इलाज चल रहा है. पल्लवी सौदागर को अंबाजोगाई में एडमिट किया गया है.
संदिग्ध कोल्ड ड्रिंक्स को FDA ने किया जब्त
जानकारी के मुताबिक, धाराशिव के शेगांव के गजानन महाराज के पालकी यात्रा में ये कोल्ड ड्रिंक बांटी जानी थी. कोल्ड ड्रिंक बांटे जाने से पहले ही नर्सों को फूड पॉइजनिंग की घटना सामने आई है. इसके बाद फ़ूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) की टीम मौके पर पहुंची. FDA ने वारी में बांटी जाने वाली कोल्ड ड्रिंक्स को जब्त कर लिया है.
फिलहाल मौके पर पुलिस और सरकारी हॉस्पिटल का स्टाफ मौजूद है. कोल्ड ड्रिंक्स कहां से आईं और उन्हें कौन बांटने वाला था, इसका पता लगाने के लिए जांच चल रही है.
मेरठ में पानी की सील्ड बोतल में मिला था तेजाब
इससे पहले उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में नामी ब्रांड के पानी की बोतल में तेजाब मिला था. हैरानी की बात यह थी कि यह बोतल सील्ड पैक थी और तुरंत ही दुकान से खरीदी गई थी. यहां एक महिला टीचर ज्वेलरी शॉप पर गई थीं, जहां प्यास लगने पर उन्होंने दुकानदार से पानी मांगा था. दुकानदार ने पास की दुकान से पानी खरीदकर महिला को दिया, जिसे पीने के तुरंत बाद ही उन्हें बुरी तरह से जलन महसूस होने लगी. उनके गले और खाने की नली बुरी तरह से जल गई थी. गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है.
मुहर्रम में जहरीला कैप्सूल बांटने की थी साजिश
इससे पहले मुंबई में मुहर्रम के जुलूस में जहरीली कैप्सूल बांटे जाने की साजिश को नाकाम किया गया था. बताया गया कि फैयाज प्रेमजी नाम का एक शख्स मुहर्रम के जुलूस में चूहे मारने वाले जहर भरे कैप्सूल लोगों को बांटने वाला था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के पास से करीब 15 हजार कैप्सूल बरामद किए गए थे.




