मध्यप्रदेश

‘मुस्लिम बन जाओ, इनकार करने पर काट दिए बाल’, घटना पर फूटा किन्नर समाज का गुस्सा, एसपी से कार्रवाई की मांग

शिवपुरी: जिले के खतौरा में दो किन्नरों के साथ हुई मारपीट और बाल काटने की घटना को लेकर माहौल गरम है। नेहा और मुस्कान किन्नर के समर्थन में बड़ी संख्या में किन्नरों ने एसपी ऑफिस पहुंचकर धरना दिया और ज्ञापन सौंपा है। साथ ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

धर्म परिवर्तन का बनाया जा रहा दबाव

किन्नरों ने आरोप लगाया कि उन पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा था, जिसका विरोध करने पर मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। किन्नरों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जगत गुरु काजल ठाकुर के नेतृत्व में प्रदर्शन

गुरुवार को भोपाल से पहुंचीं जगत गुरु मां काजल ठाकुर के नेतृत्व में किन्नरों ने एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान एसपी के नाम सौंपे गए ज्ञापन में नेहा अहिरवार और मुस्कान गुर्जर ने आरोप लगाया कि भावना ईसागढ़, अशोकनगर निवासी चांदनी खान, इंदौर की पायल और उनके साथियों द्वारा उन पर मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बनाया जा रहा था।

बाल काटे और जूलरी छीन लिए

ज्ञापन में बताया गया है कि 16 जून को खतौरा क्षेत्र में उनके साथ मारपीट की गई, अपमानित किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। आरोप है कि हमलावरों ने उनके बाल भी काट दिए। साथ ही सोने की चेन, मंगलसूत्र, कान के टॉप्स, मोबाइल फोन और लगभग 30 हजार रुपए भी छीन लिए गए।

अशोकनगर की चांदनी खान उनके चेलों पर धर्म परिवर्तन का दबाव बना रही है। उन्होंने कहा कि धर्म परिवर्तन का विरोध करने पर नेहा और मुस्कान के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और कैंची से उनके बाल काट दिए गए।

काजल ठाकुर, जगत गुरु

दो दिन पहले हुई थी मारपीट

गौरतलब है कि 16 जून को इंदार थाना क्षेत्र के खतौरा कस्बे में नेहा और मुस्कान किन्नर के साथ मारपीट का मामला सामने आया था। पुलिस ने इस मामले में 8 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पीड़ित पक्ष ने एसपी कार्यालय पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी, सुरक्षा और धर्म परिवर्तन के आरोपों की जांच की मांग उठाई है।

Related Articles

Back to top button