मनोरंजन

‘भारत तेरे टुकड़े होंगे वाले लोग’: मनोज मुंतशिर ने जंतर-मंतर प्रदर्शनकारियों को कहा ‘देशद्रोही’, CJP पर कसा तंज

नई दिल्ली. नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और उससे जुड़े विवाद को लेकर देशभर में छात्रों का गुस्सा देखने को मिल रहा है. दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन जारी है. इसी बीच गीतकार और लेखक मनोज मुंतशिर ने इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया देकर नई बहस छेड़ दी है. उन्होंने साफ कहा कि वह छात्रों की चिंताओं के साथ हैं, लेकिन जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन में शामिल नहीं होंगे क्योंकि वहां मौजूद कुछ लोगों के विचारों से वह खुद को जोड़कर नहीं देख सकते.

टाइम्स नाउ को दिए एक इंटरव्यू में मनोज मुंतशिर ने साफ कर दिया कि वे जंतर-मंतर पर हो रहे इन प्रदर्शनों में शामिल नहीं होंगे. इसके पीछे का कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग इस आंदोलन का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, उनके साथ वे खड़े नहीं हो सकते. मनोज मुंतशिर ने प्रदर्शन के आयोजकों और सीजेपी पर तीखा हमला बोला.

‘युवाओं को CJP से बेहतर विकल्प मिलना चाहिए’

मनोज मुंतशिर ने कहा, ‘मैं कभी जंतर-मंतर नहीं जाऊंगा. इसलिए नहीं जाऊंगा क्योंकि जो लोग इस वक्त जंतर-मंतर का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, उनके साथ खड़े होकर मुझे अच्छा नहीं लगेगा.’ उन्होंने यह भी कहा, ‘इस देश के युवाओं को कॉकरोच जनता पार्टी से बेहतर विकल्प मिलना चाहिए.’

लांकि, उन्होंने NEET पेपर लीक मामले को गंभीर मामला बताते हुए पूरे सिस्टम से जवाबदेही भी मांगी. उन्होंने कहा, ‘इस दुनिया में कौन कह सकता है कि अगर NEET का पेपर लीक हुआ तो अच्छा हुआ? यह पूरी तरह गलत है.’ उन्होंने आगे कहा कि अगर इस विवाद की वजह से एक भी छात्र की जान गई है तो पूरे सिस्टम को इसका जवाब देना चाहिए.

‘भारत तेरे टुकड़े होंगे’ कहने वाले लोग जंतर-मंतर पर आ रहे हैं: मनोज मुंतशिर

मनोज मुंतशिर ने अपने बयान में यह भी स्पष्ट किया कि उनकी आपत्ति छात्रों के विरोध प्रदर्शन से नहीं, बल्कि उस मंच पर मौजूद कुछ लोगों से है. उन्होंने दावा किया कि जंतर-मंतर पर ऐसे लोग मौजूद हैं, जिन्होंने पहले भारत विरोधी नारे लगाए या कश्मीर को भारत का हिस्सा नहीं बताया. उन्होंने कहा, ‘भारत तेरे टुकड़े होंगे’ कहने वाले लोग वहां आ रहे हैं. कश्मीर भारत का हिस्सा नहीं है कहने वाले लोग भी वहां हैं. मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ उन्हें देशद्रोही कह रहा हूं.’ इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे कुछ लोगों ने भगवान राम को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं.

सोशल मीडिया पर बंटे लोग

मनोज मुंतशिर का यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तेज बहस शुरू हो गई. कई यूजर्स ने उनके बयान का समर्थन किया, जबकि बड़ी संख्या में लोगों ने उनकी आलोचना भी की. कुछ लोगों ने कहा कि उन्हें छात्रों के आंदोलन से दूरी नहीं बनानी चाहिए थी. वहीं, कई यूजर्स ने 2023 में रिलीज हुई फिल्म ‘आदिपुरुष’ का विवाद भी याद दिलाया. एक यूजर ने लिखा, ‘आपको वहां नहीं जाना चाहिए. इस देश पर सबसे बड़ा दाग आप जैसे लोग हैं.’ वहीं दूसरे यूजर ने टिप्पणी की, ‘जिन्होंने ‘जलेगी तेरे बाप की’ जैसे संवाद लिखकर रामायण का अपमान किया, वे आज दूसरों को ज्ञान दे रहे हैं.’

‘आदिपुरुष’ विवाद

आपको बता दें कि ‘आदिपुरुष’ के डायलॉग्स लिखने के बाद मनोज मुंतशिर को भारी आलोचना का सामना करना पड़ा था. फिल्म के कई संवादों को लेकर धार्मिक भावनाएं आहत होने के आरोप लगे थे. विवाद बढ़ने पर फिल्म निर्माताओं ने कुछ डायलॉग बदले थे और मनोज मुंतशिर ने भी स्वीकार किया था कि लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं.

Related Articles

Back to top button