स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार, आरोपी संचालक गिरफ्तार

नेशनल डेस्क: दिल्ली पुलिस ने पहाड़गंज इलाके में एक स्पा की आड़ में संचालित एक कथित देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़ किया है और अवैध गतिविधियों का संचालन करने के आरोप में 29 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि यह कार्रवाई मध्य दिल्ली में अनैतिक तस्करी गतिविधियों के बारे में मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
कॉन्स्टेबल को ग्राहक बना पुलिस ने भेजा
पुलिस ने बताया कि आरोपों की पुष्टि के लिए एक छापेमारी टीम ने एक कॉन्स्टेबल को ग्राहक बनाकर उस जगह पर भेजा और उसे पैसे के बदले यौन सेवाओं की कथित तौर पर पेशकश की गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “नकली ग्राहक ने स्पा संचालक को पहले से चिन्हित 1,800 रुपये के नोट दिए और उसे यौन सेवाओं के लिए एक महिला से मिलवाया गया। संकेत मिलने के बाद छापेमारी टीम परिसर में दाखिल हुई और तलाशी ली।
आरोपी संचालक गिरफ्तार
अधिकारी ने बताया कि छापेमारी के दौरान पुलिस को ऐसे सबूत मिले जिनसे स्पा में देह व्यापार संचालित किये जाने का पता चला और कथित संचालक सावेद अली उर्फ शबीर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान पांच महिलाओं को वहां से छुड़ाया गया। पुलिस ने कहा कि महिलाओं की पहचान गोपनीय रखी गई है और जांच जारी है।




