चोरों के लिए ‘यमराज’ हैं यहां की पुलिस, जीप छोड़ भैंस पर सवार होकर करते हैं पेट्रोलिंग

Brazil Police On Buffalo: क्या आपने कभी ऐसी पुलिस देखी है, जो अपराधियों को पकड़ने के लिए जीप नहीं, बल्कि भैंस की सवारी करती हो. अगर आपका जवाब ना है तो मिलिए ब्राजील के उन असली बफेलो सोल्जर्स से जिनकी चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है. नॉर्दर्न ब्राजील के मराजो आइलैंड पर तैनात ये पुलिसवाले आधुनिक गाड़ियों के बजाय भैंसों पर बैठकर गलियों और दलदलों में गश्त लगाते हैं. उनके इस अनोखे अंदाज को देखकर कोई भी हैरान रह सकता है.
दुर्गम रास्तों का देसी समाधान (Brazil Police Buffalo Patrol)
मराजो आइलैंड ब्राजील का सबसे बड़ा द्वीप है, जो आकार में स्विट्जरलैंड से भी विशाल है. इस इलाके की सबसे बड़ी चुनौती यहां का भूगोल है, क्योंकि साल में करीब छह महीने यहां भयंकर बारिश और बाढ़ की स्थिति बनी रहती है. पूरा इलाका मैंग्रोव दलदल में तब्दील हो जाता है, जहां कार या बाइक लेकर जाना नामुमकिन सा होता है. पुलिस को पहले इन रास्तों पर पेट्रोलिंग करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब उन्होंने स्थानीय भैंसों को अपना सबसे भरोसेमंद साथी बना लिया है.
चोरों के लिए मुसीबत का सबब (Buffalo Soldiers Brazil Crime)
ये भैंसें दलदली और कठिन रास्तों को पार करने में माहिर होती हैं और कीचड़ में फंसने का डर भी नहीं रहता है. भैंसों की ऊंचाई के कारण पुलिस अधिकारियों को अपराधियों पर नजर रखने में काफी आसानी होती है. जब चोरों को लगता है कि वो दलदल का फायदा उठाकर छिप जाएंगे, तभी भैंस पर सवार पुलिस वाले अचानक उनके सामने प्रकट हो जाते हैं. स्थानीय लोग इन बहादुर पुलिसकर्मियों को बफेलो सोल्जर्स के नाम से बुलाते हैं और इस अनोखे तरीके से इलाके में अपराध की दर काफी कम हुई है.




