अंकों के साथ शारीरिक फिटनेस भी जरूरी

जिस प्रकार विद्यार्थी का मूल्यांकन कक्षा गतिविधियों के आधार पर किया जाता है, उसी प्रकार शारीरिक फिटनेस को भी स्थान मिले…
शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी तैयार करना नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, मजबूत मन, अनुशासित जीवनशैली और सकारात्मक सोच वाले नागरिकों का निर्माण करना भी है। क्या एक ऐसा बच्चा, जो कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करता है, लेकिन शारीरिक रूप से सक्रिय नहीं है, वास्तव में सर्वांगीण विकास की कसौटी पर खरा उतरता है? शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य विद्यार्थी का सर्वांगीण विकास है। बौद्धिक क्षमता के साथ शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन, अनुशासन, आत्मविश्वास और सामाजिक व्यवहार भी उसके व्यक्तित्व के महत्वपूर्ण अंग हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 भी खेल और शारीरिक शिक्षा को समग्र शिक्षण प्रक्रिया का अभिन्न हिस्सा मानती है। विद्यालयों में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित करना सराहनीय है, लेकिन केवल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले या पदक जीतने वाले विद्यार्थियों की उपलब्धियों से पूरे विद्यालय की फिटनेस स्थिति का पता नहीं चलता। आवश्यकता इस बात की है कि प्रत्येक विद्यार्थी की शारीरिक क्षमता को समझा जाए, चाहे वह खिलाड़ी हो या खेलों में विशेष रुचि न रखता हो। इसी उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश के सभी विद्यालयों में एक व्यवस्थित विद्यार्थी शारीरिक फिटनेस आकलन व्यवस्था विकसित की जा सकती है। इस पहल को प्रभावी और व्यावहारिक बनाने के लिए विद्यार्थियों को दो प्रमुख श्रेणियों में विभाजित किया जा सकता है। प्रथम श्रेणी, कक्षा पहली से आठवीं तक (आधारभूत विकास चरण) : इस आयु वर्ग में विद्यार्थियों की मूलभूत शारीरिक क्षमताओं के विकास पर ध्यान दिया जाना चाहिए। इसमें शरीर का संतुलन, लचीलापन, समन्वय और सामान्य सहनशक्ति जैसी क्षमताओं का आकलन किया जा सकता है।
गतिविधियां सरल, मनोरंजक और आयु के अनुरूप होनी चाहिए, ताकि बच्चों में खेल और व्यायाम के प्रति रुचि विकसित हो। द्वितीय श्रेणी : कक्षा नौवीं से बारहवीं तक (क्षमता विकास चरण) : इस आयु वर्ग में विद्यार्थियों की शारीरिक क्षमता का अपेक्षाकृत व्यवस्थित आकलन किया जा सकता है। इसमें हृदय एवं श्वसन सहनशक्ति, मांसपेशियों की शक्ति, लचीलापन, गति, फुर्ती और शारीरिक दक्षता को शामिल किया जा सकता है। दोनों श्रेणियों के लिए अलग-अलग आयु-उपयुक्त मानक और मूल्यांकन पद्धति निर्धारित की जानी चाहिए। दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए भी समान अवसर : किसी भी शारीरिक फिटनेस आकलन व्यवस्था की सफलता तभी सुनिश्चित हो सकती है, जब उसमें दिव्यांग विद्यार्थियों को समान महत्व और अवसर प्रदान किए जाएं। शारीरिक अक्षमता किसी विद्यार्थी की प्रतिभा, इच्छाशक्ति और विकास की संभावनाओं को सीमित नहीं करती। अत: दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए उनकी व्यक्तिगत क्षमताओं और आवश्यकताओं के अनुरूप वैकल्पिक आकलन पद्धति विकसित की जानी चाहिए। दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए श्रवण संकेतों पर आधारित गतिविधियां तथा अन्य विशेष आवश्यकताओं वाले बच्चों के लिए अनुकूलित अभ्यास निर्धारित किए जा सकते हैं। मूल्यांकन में उनकी सहभागिता, प्रयास और व्यक्तिगत प्रगति को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, न कि उन्हें अन्य विद्यार्थियों के समान शारीरिक मानकों पर परखा जाना चाहिए। सरल गतिविधियों से हो शारीरिक क्षमता का आकलन : फिटनेस आकलन को सरल और रोचक बनाने के लिए कुछ गतिविधि आधारित परीक्षण प्रारंभ किए जा सकते हैं। स्वास्थ्य परिचय के अंतर्गत विद्यार्थियों की आयु, लंबाई और वजन का रिकॉर्ड रखा जा सकता है। सहनशक्ति यात्रा के माध्यम से निर्धारित समय या दूरी में तेज चाल अथवा दौड़ के जरिए उनकी सहनशक्ति का आकलन किया जा सकता है।
लचक एवं संतुलन परीक्षण के अंतर्गत योग और सरल शारीरिक मुद्राओं के माध्यम से शरीर के लचीलेपन तथा संतुलन को समझा जा सकता है। इसी प्रकार शक्ति एवं सक्रियता चुनौती में आयु के अनुरूप नियंत्रित बैठना-उठना और दीवार के सहारे पुशअप जैसे सुरक्षित अभ्यास शामिल किए जा सकते हैं। फुर्ती पथ के माध्यम से विद्यार्थियों की गति, दिशा बदलने की क्षमता और शारीरिक समन्वय का आकलन किया जा सकता है। इस पहल की एक विशेषता यह भी होगी कि प्रस्तावित अधिकांश गतिविधियों के लिए किसी विशेष या महंगे उपकरण की आवश्यकता नहीं होगी। विद्यार्थियों की सामान्य शारीरिक गतिविधियों, योग, दौड़, संतुलन और सरल व्यायामों के माध्यम से आकलन किया जा सकता है। विद्यालयों में उपलब्ध खुले स्थान और सामान्य सुविधाएं इसके लिए पर्याप्त हो सकती हैं। परिणामस्वरूप विद्यालयों, शिक्षा बोर्ड और राज्य सरकार पर किसी बड़े अतिरिक्त वित्तीय व्यय का बोझ नहीं पड़ेगा। शिक्षा बोर्ड के ऑनलाइन पोर्टल पर हो डिजिटल रिकॉर्ड : इस पूरी पहल को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा एक समर्पित ऑनलाइन पोर्टल विकसित किया जा सकता है। प्रत्येक विद्यालय इस पोर्टल पर विद्यार्थियों के शारीरिक फिटनेस आकलन का व्यक्तिगत रिकॉर्ड सुरक्षित रख सकेगा। पोर्टल पर आकलन के अंक, फिटनेस रिपोर्ट और वर्षवार प्रगति दर्ज करने की सुविधा होनी चाहिए। इसके माध्यम से विद्यालय, जिला और राज्य स्तर पर समेकित रिपोर्ट भी तैयार की जा सकेगी। इससे शिक्षा विभाग को विद्यार्थियों की फिटनेस स्थिति समझने और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने में अवश्य ही सहायता मिलेगी।
साथ ही विद्यार्थियों के व्यक्तिगत स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों की गोपनीयता सुनिश्चित करना अनिवार्य होगा। इस पहल को प्रभावी बनाने का एक महत्वपूर्ण उपाय यह हो सकता है कि शारीरिक फिटनेस आकलन के अंक विद्यालयों में पहले से प्रचलित आंतरिक मूल्यांकन प्रणाली का हिस्सा बनाए जाएं। जिस प्रकार विद्यार्थी का मूल्यांकन परियोजनाओं, कक्षा गतिविधियों और प्रायोगिक कार्यों के आधार पर किया जाता है, उसी प्रकार शारीरिक फिटनेस को भी समग्र मूल्यांकन में उचित स्थान मिलना चाहिए। इसमें सहभागिता, प्रयास, नियमितता और व्यक्तिगत सुधार को महत्व दिया जाए, ताकि किसी विद्यार्थी को शारीरिक सीमाओं के कारण नुकसान न हो। यह भी जरूरी है कि शारीरिक शिक्षकों के अलावा दूसरे अध्यापकों को भी बुनियादी फिटनेस आकलन में दक्ष बनाया जाए।-शिव गुलेरिया




