कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के दौरान एक ही परिवार के चार लोग डूबे, बिजनौर में बचाई गई किशोरी, तीन लापता

बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर से कार्तिक पूर्णिमा स्नान के मौके पर एक ही परिवार के चार लोगों के डूबने की घटना सामने आई। जिले के नांगल क्षेत्र में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के दौरान एक ही परिवार के चार सदस्य गहरे पानी में समा गए। घाट पर मौजूद लोगों ने एक किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन एक महिला और दो किशोर तेज बहाव में लापता हो गए। पुलिस और गोताखोरों की टीम लापता लोगों की तलाश में सर्च अभियान चला रही है।
क्या है घटना?
बिजनौर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नजीबाबाद क्षेत्र के ग्राम रामपुरा निवासी एक ही परिवार के 8 से 10 लोग मंगलवार सुबह कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए नांगल क्षेत्र के गंगा घाट पर पहुंचे थे। सुबह करीब साढ़े 11 बजे परिवार के सभी सदस्य नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान चार लोग गहरे पानी की चपेट में आ गए और डूबने लगे।
नितिन ने बचाने का किया प्रयास
परिजनों को डूबता देख घाट पर चीख-पुकार मच गई। भीड़ जमा हो गई। घाट पर मौजूद नितिन ने साहस का परिचय देते हुए डूबते लोगों को बचाने के लिए गंगा में छलांग लगा दी। नितिन का कहना है कि स्नान के बाद वह घाट किनारे खड़े थे, तभी उन्होंने पानी में लोगों को डूबते देखा। बचाने के प्रयास में उनका मोबाइल और पैसे भी पानी में गिर गए, लेकिन उन्होंने परवाह किए बिना 14 वर्षीय किशोरी दिव्यांगी पुत्री संजीव सैनी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
हालांकि, तेज बहाव के कारण अन्य लोग उनके हाथ से छूट गए। हादसे के बाद से लापता तीनों लोगों की पहचान कर ली गई है, जिनमें गुड़िया पत्नी अरविंद, निवासी रामपुरा, सूरज उर्फ छोटू पुत्र राजकुमार, हर्ष सैनी पुत्र प्रमोद सैनी शामिल हैं।
सर्च अभियान जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन के अधिकारी गोताखोरों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने घटना के संबंध में मीडिया को बताया कि एक परिवार के चार लोगों के डूबने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम लापता महिला एवं दोनों किशोरों को तलाशने के लिए सर्च ऑपरेशन चला रही है।




