महिला ने नार्मल डिलीवरी से 5 दिन में 4 बच्चों को दिया जन्म, साइंस का अनोखा खेल देख डॉक्टर भी हैरान

मुरादाबाद : उत्तर प्रदेश के संभल जिले की एक महिला ने मुरादाबाद स्थित तीर्थंकर महावीर अस्पताल में पांच दिन के अंतराल में चार बच्चों को सामान्य प्रसव से जन्म दिया। चिकित्सकों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। चिकित्सकों ने इसे दुर्लभ मामला बताया। अस्पताल के अनुसार, संभल के ओवरी गांव की रहने वाली अमीना ने नौ मई को पहले बच्चे को जन्म दिया और इसके बाद 14 मई को चिकित्सकों की निगरानी में तीन अन्य बच्चों का जन्म हुआ। अस्पताल ने बताया कि चार नवजात बच्चों में दो बेटे और दो बेटियां हैं और अमीना छह मई को इस अस्पताल में भर्ती हुई थीं।
डॉ. शुभ्रा अग्रवाल के नेतृत्व वाली टीम ने जटिलता के बावजूद सफलता प्राप्त की। डॉ. अग्रवाल ने बताया कि यह अस्पताल में पहला मामला है, जहां चार बच्चों का सामान्य प्रसव हुआ। उन्होंने बताया कि महिला का इलाज गर्भावस्था के तीसरे महीने से हो रहा था और अल्ट्रासाउंड में चार भ्रूणों की पुष्टि हुई थी। डॉ. अग्रवाल ने बताया कि जटिलता को देखते हुए पहले भ्रूण संख्या कम करने की सलाह दी गई थी लेकिन परिवार ने गर्भ जारी रखने का फैसला किया।
उन्होंने बताया कि फिलहाल चारों शिशुओं को एहतियातन वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है और उनकी हालत स्थिर है तथा मां अमीना स्वस्थ हैं। अमीना ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, “अल्लाह का शुक्र है कि मेरे चारों बच्चे और मैं पूरी तरह ठीक हूं। अस्पताल के चिकित्सकों ने हमारा बहुत साथ दिया।” अमीना के पति मोहम्मद आलिम ने कहा, “चिकित्सकों की टीम ने जिस सावधानी से मेरी पत्नी के मामले को छह माह से संभाला, उसको शब्दों में ब्यान नहीं किया जा सकता।”


