कुदुरमाल पुल जर्जर होने से वाहनों के आवागमन पर लगी रोक… … गाड़ी की डिक्की से लाखों रुपए कैश पार…

: कोरबा. लोक निर्माण विभाग ने सेतु निगम की रिपोर्ट पर कुदुरमाल पुल से वाहनों के आवागमन पर शनिवार देर शाम रोक लगाने की कार्यवाही करते हुए वाहनों के आवागमन के प्रतिबंध का बोर्ड लगा दिया है. सेतु निगम ने अपनी रिपोर्ट में पुल के एक पिलर के पूरी तरह से जर्जर होने के कारण किसी भी समय हादसा होने का उल्लेख किया है.
हसदेव नदी पर बने जिले के सबसे पुराने पुल में शामिल कुदुरमाल पुल के एक पिलर के जर्जर होने को लेकर पिछले कुछ समय से विभागीय स्तर पर तकनीकी जांच चल रही थी. पुल के जर्जर होने को लेकर जिला प्रशासन को भी इस पूरे प्रकरण से अवगत कराया गया था. मामले को गंभीरता से लेते हुए सेतु निगम विभाग की तकनीकी टीम ने पुल का निरीक्षण किया था. जिसमें पुल के एक पिलर का बेरिंग खराब होने और नीचे से जर्जर होने की रिपोर्ट लोक निर्माण विभाग को सौंपी थी जिसमें विभाग ने पुल के जर्जर होने और वाहनों के आवागमन से किसी भी तरह के हादसे की आशंका जताते हुए वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की अनुशंसा की थी. सेतु निगम की रिपोर्ट पर निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता जांगड़े ने कुदुरमाल पुल से वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने के निर्देश विभागीय अमले को दिए. शनिवार देर शाम लोक निर्माण विभाग की टीम हसदेव पुल पहुंची और वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाते हुए बोर्ड भी लगा दिया है. हसदेव नदी पर बना कुदुरमाल का पुल जिले में बने सबसे लंबे पुल में शामिल है. उक्त पुल से यात्री वाहनों के अलावा कोयला लोड भारी वाहनों का भी आवागमन सतत होता रहा है.
बदलेगा वाहनों का मार्ग
पुल पर वाहनों के आवागमन से रोक लगने के कारण अब वाहन तरदा कनबेरी सर्वमंगला मार्ग होते हुए घूमकर जाएंगे. उक्त मार्ग पर भारी वाहनों और यात्री वाहनों के आवागमन से तरदा कनकी मार्ग में भी वाहनों का दबाव बढ़ेगा. इसी तरह उरगा से कोरबा मार्ग में भी वाहनों का दबाव बढ़ेगा. हालांकि विभाग के द्वारा वैकल्पिक मार्ग की तलाश किया जा रहा है. रविवार को लोक निर्माण विभाग की टीम एक बार फिर पुल का निरीक्षण करेगी.
रिपोर्ट पर एक्शन
लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता जे आर जांगड़े ने जानकारी दी कि सेतु निगम ने कुदुरमाल पुल के संबंध में अपनी रिपोर्ट दी है, जिसमें पुल के जर्जर होने का उल्लेख कर वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने के लिए लिखा है. उस रिपोर्ट के आधार पर पुल से वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई गई है.
बांगो बांध में 85 फ़ीसदी जलभराव
कोरबा. इस साल बांगो बांध के कैचमेंट इलाके में बेहतर बारिश होने की वजह से बांगो बांध लबालब है, जिसकी वजह से बांगो बांध में 85 फीसदी जल भराव है. रबी फसल के लिए इस साल किसानों को पर्याप्त पानी मिलेगा इसके लिए जनवरी महीने में बांगो बांध में बने हाइडल प्लांट की रफ्तार बढ़ाई जाएगी और नहर के माध्यम से किसानों को भरपूर पानी दिया जाएगा.
उल्लेखनीय है कि प्रदेश के सबसे बड़े बांगो बांध की कुल जल भराव क्षमता 359.66 मीटर है. इस साल बारिश के दौरान बांगो बांध के कैचमेंट इलाके में लगातार शुरुआती दिनों से ही बेहतर बारिश हुई थी और बारिश के साथ ही बहुत तेजी से बांगो बांध में जल भराव हुआ था जिसके चलते बांगो बांध के गेट खोलने पड़े थे और गेट खोलकर वाटर लेवल को मैनेज किया गया था. जिसके बाद गेट को पुरी तरह से बंद कर दिया गया था, लेकिन एक बार फिर से गेट खोलने की नौबत आ गई थी और इस साल दो बार गेट खोलकर बांगो बांध का वाटर लेवल मैनेज किया गया था. बारिश के अंतिम दिनों में भी बांगो बांध में बेहतर बारिश हुई थी, जिसके चलते अभी मौजूदा स्थिति में बांगो बांध में 357.109 मीटर पानी भरा हुआ है, जो जल भराव का 85 फ़ीसदी पानी है.
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों की माने तो आने वाले दिनों में पड़ोसी जिले जांजगीर चांपा में जल समिति की बैठक होगी और किसानों की डिमांड के अनुसार किसानों को इस साल रबी फसल के लिए भरपूर पानी दिया जाएगा. संभावना जताई जा रही है कि जनवरी महीने के पहले सप्ताह में किसानों के लिए पानी छोड़ा जाएगा. अभी मौजूदा स्थिति में बांगो बांध में बने हाइडल प्लांट को मात्र 3 घंटे संचालित किया जा रहा है. जिससे 375 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है. बताया जाता है कि जनवरी महीने में बांगो बांध की रफ्तार 48 से 72 घंटे की जा सकती है. किसानों को दांयी और बांयी तट नहर के माध्यम से पानी छोड़ा जाएगा.
गाड़ी की डिक्की से लाखों रुपए कैश पार
रायगढ़. केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड स्थित स्टेट बैंक में आधी राशि जमा कर लौट रहे युवक के डिक्की से ढाई लाख उड़ाने का मामला सामने आया है. कोतवाली पुलिस की टीम संभावित क्षेत्रों में टीम लगाकर जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज का भी पुलिस मदद ले रही है.
जानकारी के मुताबिक, शनिवार की शाम अजय राठौर 27 वर्ष केवडाबाडी स्थित स्टेट बैंक में राशि जमा करने गया था. एटीएम में राशि भर जाने की वजह से अजय की पूरी राशि जमा नहीं हो पाई. बाकी रकम वह गाडी की डिक्की में रख दिया. रवाना होते ही करीब 4 लोग उसका पीछा करते हुए आ रहे थे. इधर पुराना शनि मंदिर के पास अजय राठौर का गाड़ी खड़ी कर जैसे ही ध्यान भटका गाड़ी की डिक्की से आरोपियों ने करीब ढाई लाख रुपए लेकर फरार हो गए. काफी देर तक प्रार्थी खोजबीन करते रहे. देर शाम कोतवाली पुलिस में मामला दर्ज कराया गया है. कोतवाली पुलिस की टीम चारो दिशाओं में जांच कर रही है.
भरतपुर सोनहत के पूर्व विधायक का नाम धरमजयगढ़ विधानसभा में, बीएलओ को मिला नोटिस
रायगढ़. जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य सुचारू और व्यवस्थित रूप से जारी है. बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना पत्रक का वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया की जा रही है. इसी प्रक्रिया के दौरान हुई एक तकनीकी त्रुटि पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक चतुर्वेदी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए सुधारात्मक कदम उठाए हैं. मनेन्द्रगढ़ जिले की विधानसभा क्रमांक 1 भरतपुर सोनहत के पूर्व विधायक गुलाबसिंह कमरो ने 21 नवम्बर को सूचना दी थी कि उनका नाम गलती से जिला रायगढ़, विधानसभा 19 धरमजयगढ़ के मतदान केन्द्र क्रमांक 169 कया 1 तहसील घरघोड़ा के मतदाता गुलाब महंत पिता आनंद उम्र 25, ईपीआईसी नं. एलएससी 1058569 वर्ष के स्थान पर मैप हो गया है. नाम और पिता का नाम समान होने के कारण यह त्रुटि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान गणना पत्रक के डिजिटाइजेशन में हुई.
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सह निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी धरमजयगढ़ ने बताया कि सूचना मिलते ही संबंधित बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया. तत्पश्चात 25 नवंबर को बीएलओ एप में अनमैप विकल्प उपलब्ध होते ही पूर्व विधायक गुलाबसिंह कमरो का नाम तत्काल अनमैप कर दिया गया.
अधिकारी ने बताया कि कमरो का वास्तविक एवं वैध नामांकन विधानसभा 1 भरतपुर सोनहत, मतदान क्रमांक 283, साल्ही, सरल क्रमांक 571, ईपीआईसी नं. एफडीएन 0643080 में विधिमें विधिवत दर्ज है. पूर्व विधायक ने एसआईआर 2025 में अपना गणना पत्रक स्वयं भरकर प्रस्तुत कर दिया है, जिसकी छायाप्रति विभाग के अभिलेखों में सुरक्षित है.




