कौन हैं कलेक्टर शिवम वर्मा, जिनके आगे रसूखदारों की बंध रही घिग्घी, पत्नी भी हैं IAS

इंदौर: कलेक्टर शिवम वर्मा इन दिनों चर्चा में हैं। वजह हैं उनके तेवर। हाल ही में मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के मशहूर पांच सितारा सयाजी होटल पर खाद्य सुरक्षा और आबकारी नियमों के उल्लंघन को लेकर जिस तरह ताबड़तोड़ और बिना किसी दबाव के कार्रवाई की गई है, उसने लोगों को महाराष्ट्र के चर्चित और बेखौफ आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे की याद दिला दी है। तुकाराम मुंढे भी अपने तेवरों की वजह से इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बने हुए हैं।
तुकाराम मुंढे जैसी छवि और बेबाक अंदाज
भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में कुछ ऐसे नाम होते हैं जो अपनी कार्यशैली से व्यवस्था को हिलाकर रख देते हैं। तुकाराम मुंढ़े अपनी सख्त ईमानदारी, ट्रांसफर की परवाह किए बिना नियमों का पालन करवाने और जनता के हितों को सर्वोपरि रखने के लिए जाने जाते हैं। ठीक उसी तर्ज पर, IAS शिवम वर्मा भी इंदौर जैसे बड़े और राजनीतिक रूप से संवेदनशील जिले में बिना किसी दबाव के फैसले ले रहे हैं। सयाजी होटल प्रकरण इसका सबसे बड़ा उदाहरण है, जहां बड़े रसूखदारों की परवाह किए बिना प्रशासन ने नियमों का डंडा चलाया।
सीएम मोहन की गुडबुक में शामिल हैं IAS वर्मा
इंदौर में पहले नगर निगम की कमान भी संभाली शिवम वर्मा का इंदौर से रिश्ता नया नहीं है। कलेक्टर बनने से पहले वह इंदौर नगर निगम के कमिश्नर रह चुके हैं। ऐसे में शहर की स्थानीय व्यवस्था, नगर निगम और प्रशासनिक तंत्र की उन्हें पहले से जानकारी है। माना जा रहा है कि शिवम वर्मा मुख्यमंत्री मोहन यादव की पसंदीदा अधिकारियों की टीम में शामिल हैं। यही वजह है कि उन्हें इंदौर जैसे महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण जिले में प्रशासनिक जिम्मेदारी दी गई है।
जमीन से जुड़ाव और जनसुनवाई का मॉडल
सिर्फ दफ्तर के कमरों में बैठकर आदेश जारी करना और मैदानी हकीकत से रूबरू होना, दोनों में बहुत अंतर होता है। तुकाराम मुंढ़े की तरह ही शिवम वर्मा की कार्यशैली का अहम हिस्सा ‘जनसुनवाई’ और जमीनी निरीक्षण है। हर मंगलवार को कलेक्ट्रेट में लगने वाली भीड़ के बीच वह खुद आम जनता की समस्याएं सुनते हैं और कई मामलों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर तत्काल एक्शन लेते हैं। MANIT भोपाल से मैकेनिकल इंजीनियरिंग करने वाले शिवम वर्मा की यह तकनीकी और व्यावहारिक सोच उनके फैसलों में साफ झलकती है।
पत्नी जयति सिंह भी हैं आईएएस
शिवम वर्मा की पत्नी जयति सिंह भी भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी हैं। वह 2016 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में बड़वानी कलेक्टर के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रही हैं। दोनों अधिकारियों का प्रशासनिक करियर मध्य प्रदेश में अलग-अलग जिलों में रहा है। शिवम वर्मा 2013 बैच के होने के कारण अपनी पत्नी से वरिष्ठ हैं। जयति सिंह ने एसडीएम के रूप में भी काम किया है। डबरा में एसडीएम रहते हुए उनकी सख्त प्रशासनिक छवि चर्चा में रही थी। उस दौरान अवैध गतिविधियों के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर भी वह सुर्खियों में आई थीं।




