उज्जैन में गोली मारकर युवक की हत्या, देर रात दो पक्षों में खूनी संघर्ष, बचाने आए परिवार पर भी जानलेवा हमला

उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन में शनिवार देर रात दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष में एक युवक की मौत हो गई। पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच विवाद में फायरिंग हुई। गोली लगने के लोकेश गोरकर की मौत हो गई। वहीं, बचाने पहुंचे भाई और परिवार के तीन अन्य सदस्यों पर भी जानलेवा हमला किया है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घटना नीलगंगा थाना क्षेत्र की है। वारदात के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, नीलगंगा चौराहे पर शनिवार देर रात पुराने विवाद को लेकर गोरकर और पासी गुट आमने-सामने हो गए। पासी गुट के एक दर्जन से अधिक लोगों ने गोरकर परिवार के लोगों पर हमला कर दिया।
गोली मारकर हत्या
पथराव के बाद गोलियां की आवाज से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गोली लगने से गोरकर परिवार के एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसी परिवार के तीन लोग घायल हो गए। देर रात पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। इधर, घटना के बाद क्षेत्र के लोग दहशत में आ गए।
दरअसल, शनिवार देर रात करीब 11 बजे नीलगंगा चौराहे के समीप रहने वाले दिलीप राव गोरकर के परिवार के लोगों पर अचानक पासी गुट के लोगों ने हमला कर दिया। देखते ही देखते ईंट और पत्थर चलने लगे। इसके बाद गोलियों की आवाज से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। गोली लगने से 32 वर्षीय लोकेश की मौत हो गई। वहीं, बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों पर भी जानलेवा हमला किया गया है।
लंबे समय से है विवाद
नीलगंगा क्षेत्र में गोरकर और पासी गुट के लोगों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। बताया जाता है कि पूर्व में किसी विवाद में एक पक्ष के लोगों को सजा भी हो चुकी है। तब से ही दोनों गुटों के बीच रंजिश है। करीब दो महीने पहले भी दोनों गुटों के युवकों के बीच मारपीट हुई थी। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि 8-10 दिन पहले भी क्षेत्र में दोनों गुटों के युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।




