
हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने 2 बच्चों से ज्यादा होने पर स्थानीय निकायों के चुनाव न लड़ पाने के 2003 में दिए गए हरियाणा उच्च न्यायालय के फैसले को आज के दौर में अप्रासंगिक बताया, क्योंकि भारत में जनसंख्या दर गिरकर 1.9 रह गई है। यानी कि अब प्रति दम्पति 2 से कम बच्चे जन्म ले रहे हैं, जबकि 2003 में यह दर प्रति युगल 3 थी। आंकड़े बताते हैं कि जब प्रजनन दर 2.1 से नीचे आ जाए तो जनसंख्या घटने लगती है। यही भारत में हो रहा है। इसीलिए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अब जनसंख्या नीति पर बात करने की कोई जरूरत नहीं, क्योंकि जनसंख्या गिर रही है।
कुछ साल पहले टैस्ला और स्पेस एक्स के मालिक मशहूर अमरीकी उद्योगपति एलन मस्क ने कहा था कि दुनिया की आबादी बहुत कम है। यदि किसी बाहरी ग्रह से धरती पर आक्रमण होता है, तो धरती पर जनसंख्या खत्म हो सकती है। पिछले कई दशकों से भारत की बढ़ती आबादी और लगातार कम होते संसाधनों पर बात की जाती रही है। ‘हम दो हमारे दो’ के नारे को मध्यम वर्ग ने तो अर्से से अपना रखा है। वह वक्त भी रहा है जब किसी के 2 से अधिक बच्चे होते थे, तो उसका सार्वजनिक मजाक बनाया जाता था। यह वह दौर था, जिसमें अधिकांश युवा बड़े-बड़े संयुक्त परिवारों से आए थे। बड़े परिवार की शक्ति को पहचानते थे। किसी मुश्किल के वक्त, आम तौर पर परिवार एक-दूसरे के काम आते थे।
लेकिन बढ़ी आबादी के खर्चे कैसे चलें, इसे लेकर इतना डर बैठाया गया कि लोग बच्चों को सबसे बड़ा खलनायक भी मानने लगे। जैसे कि बच्चे आएंगे तो सारी सुख-सुविधाओं में खलल पड़ जाएगा। आबादी के कारण ही इस देश की सारी मुसीबतें हैं। लेकिन अब इस विचार को सिर के बल खड़ा किया जा रहा है। दक्षिण में तो लगातार कम होती आबादी पर चिंता प्रकट की जा रही है। आंध्र के मुख्यमंत्री चंद्राबाबू नायडू तो दूसरे बच्चे पर 25,000, तीसरे पर 30,000 और चौथे पर 40,000 रुपए देने की घोषणा कर चुके हैं। यह बात तब है, जब भारत दुनिया की सबसे अधिक आबादी वाला देश है। और अब तो अधिकांश युवा एक ही बच्चे को चाहते हैं। इसका एक बड़ा कारण वे बताते हैं कि इन दिनों बच्चे को पालना, उसे पढ़ाना-लिखाना, किसी योग्य बनाना बेहद खर्चीला है। नौकरियों का कोई भरोसा नहीं। ऐसे में यदि यह कहा जाने लगे कि आबादी कम हो चली है, इसलिए अधिक से अधिक बच्चे पैदा होने चाहिएं, तो कुछ आश्चर्य भी होता है।
ये बातें सिर्फ भारत में ही नहीं कही जा रहीं, दुनियाभर में बहुत से देश अपने-अपने यहां की घटती आबादी से परेशान हैं। चीन, जापान, रूस आदि अनेक देश अपने यहां के लोगों से कह रहे हैं कि ज्यादा बच्चे पैदा करें। इसका कारण यह बताया जा रहा है कि बुजुर्गों की आबादी बढ़ती जा रही है। युवा जोड़े बच्चों को जन्म नहीं देना चाहते। एक समय में चीन ने बढ़ती आबादी के कारण बहुत कठोर, एक बच्चा नीति अपना रखी थी। लेकिन अब वही चीन युवाओं को अधिक से अधिक बच्चे पैदा करने के लिए तरह-तरह से प्रोत्साहन दे रहा है। यहां तक कि डेटिंग के लिए विशेष पैकेज दिए जा रहे हैं। छुट्टियां दी जा रही हैं लेकिन युवा सरकार की बातें मानने को तैयार नहीं हैं। वे अधिक बच्चों की जिम्मेदारियां नहीं उठाना चाहते। लड़कियां तो चुनौती देती कह रही हैं कि क्या हम कोई बच्चे पैदा करने की मशीनें हैं? ज्यादा बच्चे होंगे तो पालने हमें ही पड़ेंगे। रूस में तो 10 से अधिक बच्चों को जन्म देने वाली मां को सम्मानित किया जा रहा है। पश्चिमी देश भी जनसंख्या की कमी से जूझ रहे हैं।
दुनिया भर की सरकारों के सामने चुनौती है कि यदि नई पीढ़ी जन्म नहीं लेगी, तो देशों की आर्थिकी चलेगी कैसे? काम कौन करेगा? हालांकि दुनिया में बहुत से विरोधाभास दिखते हैं। एक तरफ तो कम आबादी की बातें की जा रही हैं, तो दूसरी तरफ ए.आई. का ढोल पीटा जा रहा है। एलन मस्क ही बता रहे हैं कि कुछ सालों में किसी भी आदमी को काम करने की जरूरत नहीं रहेगी। लोग काम जरूरत के लिए नहीं, शौकिया किया करेंगे। सारा काम ए.आई. संभाल लेगी। यहां तक कि पैसे की भी कोई जरूरत नहीं रहेगी।
यदि ए.आई. से जुड़ी इन बातों को सच मान लिया जाए, तो फिर आबादी युवा हो या वृद्ध, क्या फर्क पड़ता है, क्योंकि काम तो किसी को करना नहीं है। सारा काम ए.आई. के जिम्मे होगा। यदि वाकई ऐसा हो तो यह दुनिया कितनी डरावनी होगी। मनुष्य ने लाखों वर्षों की मेहनत से जो योग्यताएं हासिल की हैं, ज्ञान-विज्ञान के क्षेत्र में जो प्रगति की है, वह क्या वाकई नष्ट हो जाएगी? फिर यह भी कि एक हद के बाद इस धरती पर मनुष्यों की जरूरत भी क्या रहेगी। चारों ओर बस मशीनों का साम्राज्य होगा। ऐसे में क्या पेड़, पौधे, पशु, पक्षी, नदी, पहाड़ मनुष्य की स्मृतियों से गायब हो जाएंगे? क्या एक दिन ऐसा आएगा, जब इस धरती पर मनुष्य नहीं, उसके अवशेष बचे होंगे? हॉलीवुड में ऐसी अनेक फिल्में बन चुकी हैं। ईश्वर करे कि ये डरावनी भविष्यवाणियां सच्चाई नहीं, बस कल्पना हों।-क्षमा शर्मा




