उत्तरप्रदेश

चांदी की बढ़ती कीमतों से लगा शॉक, सर्राफ फांसी के फंदे से झूला

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक सर्राफ की आत्महत्या का मामला सामने आया है। इसके पीछे का कारण चांदी की लगातार बढ़ती कीमत बताया जा रहा है। दरअसल, सर्राफ ने कई माह पहले चांदी के आभूषणों का ऑर्डर ले लिया था। अब इसके दाम में लगातार बढ़ोत्तरी ने उनकी मानसिक परेशानी को बढ़ा दिया। इससे वह उबर नहीं पाए। सोने और चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव के दबाव में सर्राफा कारोबारी ने जान दे दी। चौपटिया निवासी मनोज अग्रवाल (55) ने गुरुवार रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

सर्राफ की मौत की घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस को मौके से कोई सुइसाइड नोट नहीं मिला है। परिवारीजनों ने भी किसी पर आरोप नहीं लगाए हैं। पुलिस के मुताबिक, मनोज अग्रवाल की चौक स्थित कुंदन मार्केट की पहली मंजिल पर श्री श्रृंगार के नाम से दुकान है। गुरुवार दोपहर वह दुकान पहुंचे। परिचित व्यापारियों से मुलाकात की और शाम को घर लौट आए। रात करीब 9 बजे उनका शव आंगन में लगे जाल से साड़ी के सहारे फंदे से लटका मिला।

शव पर नजर पड़ते ही चीख-पुकार

परिवारीजनों की नजर कारोबारी के शव पर पड़ते ही चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची सआदतगंज पुलिस ने छानबीन के बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पड़ोसी दुकानदारों का कहना है कि मनोज चांदी का काम ज्यादा करते थे। उन्होंने सहालग के लिए पूर्व में कई बड़े ऑर्डर लिए थे। अचानक चांदी के दाम बढ़ गए, उन्हें पुराने दाम पर ही ऑर्डर पूरे करने थे।

पड़ोसी दुकानदारों का कहना है कि इस बात से मनोज तनाव में थे। वे सोच रहे थे कि महंगी चांदी खरीदकर ऑर्डर कैसे पूरा करेंगे। व्यापारियों
का कहना है कि उतार-चढ़ाव से छोटे और मध्यम सर्राफा व्यापारी परेशान हैं। आशंका है कि इसी अवसाद के चलते उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मनोज अग्रवाल की पत्नी नीलू गृहिणी हैं। उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा स्कंद पुणे में नौकरी करता है, जबकि छोटा बेटा छोटू पिता केसाथ दुकान संभालता था। अचानक मनोज की मौत ने परिवारिजनों को झकझोर दिया। पत्नी और बेटों का रो-रो कर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर सआदतगंज संतोष कुमार आर्य ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवारीजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। परिवारिजनों ने अभी तक किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button