खेल

छक्का लगाकर ठोका शतक, ऋषभ पंत ने न्यूजीलैंड में रचा इतिहास, बने पहले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज

नई दिल्ली. वेलिंग्टन में जारी भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले टेस्ट में ऋषभ पंत ने जबरदस्त बैटिंग करते हुए सेंचुरी ठोकी. चौथे दिन के खेल के पहले सेशन में पंत ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखते हुए टेस्ट करियर में नौवीं बार सैकड़ा जमा दिया. पंत ने छक्के के साथ शतक का जश्न मनाया. इस पारी से उन्होंने भारत को 600 रन के पार तो पहुंचाया ही, साथ में इतिहास भी रच दिया. दरअसल, पंत न्यूजीलैंड में टेस्ट शतक जड़ने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं.

छक्के के साथ शतक और रचा इतिहास
पारी के 147वें ओवर में ऋषभ पंत ने लगातार गेंदों पर चौका और छक्का लगाकर सेंचुरी पूरी की. चौथी गेंद पर उन्होंने रिस्क भरा रिवर्स स्वीप शॉट खेलकर चौका बटोरा. इसके बाद अपने चित परिचित अंदाज में लॉन्ग ऑफ के ऊपर से छक्का जड़कर ऐतिहासिक शतक पूरा कर लिया. पंत बतौर भारतीय विकेटकीपर न्यूजीलैंड में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन चुके हैं. उन्होंने 45 साल पुराना सैयद किरमानी का कीर्तिमान ध्वस्त किया. उन्होंने 1981 में वेलिंग्टन के मैदान पर ही नाबाद 80 रन की पारी खेली थी.

बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने के मामले में तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. एडम गिलक्रिस्ट 17 शतकों के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि एंडी फ्लावर ने 12 शतक लगाकर खुद को दूसरे स्थान पर रखा हुआ है. पंत का मौजूदा फॉर्म बरकरार रहा तो आने वाले कुछ समय में वह इन दोनों दिग्गजों को भी पीछे छोड़ सकते हैं.

ऐसा करने वाले सिर्फ तीसरे विकेटकीपर
न्यूजीलैंड में शतक पूरा करते ही ऋषभ पंत चारों SENA (साउथ अफ्रीका, इंग्लंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में शतक बनाने बल्लेबाजों के क्लब में भी शामिल हो गए. ऐसा करने वाले पंत दुनिया में सिर्फ तीसरे विकेटकीपर बल्लेबाज बने हैं. उनसे पहले एडम गिलक्रिस्ट और जॉनी बेयरस्टो ने यह कारनामा किया है. वहीं, चारों SENA देशों में शतक लगाने वाले पंत छठे भारतीय भी बन गए.

Related Articles

Back to top button