दावोस में पिकनिक मना रहे महाराष्ट्र सीएम? संजय के तंज पर अमृता के बाद खुद ‘देवाभाऊ’ बोले

मुंबई: विश्व आर्थिक मंच (WEF) की 56वीं वार्षिक बैठक का आज आखिरी दिन है। इस बैठक में महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस कैबिनेट मंत्री उदय सामंत के साथ दावोस में हैं लेकिन महाराष्ट्र में विपक्ष द्वारा घरेलू कंपनियों ने विदेश में जाकर एमओयू करने पर उद्धव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत ने तीखा हमला बोला था। उन्होंने पूछा था कि देशभर के मुख्यमंत्री दावोस में पिकनिक मना रहे हैं। इस मुद्दे पर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस की पत्नी ने करारा जवाब दिया था। उन्होंने कहा था कि पिकनिक परिवार के साथ होती और परिवार महाराष्ट्र में अपना काम कर रहा है। अमृता फडणवीस ने कहा था कि महाराष्ट्र और देश के विकास के लिए वहां जाना जरूरी है। भारत जैसे देश के लिए यह बहुत जरूरी है कि हर राज्य का मुख्यमंत्री दुनिया की सबसे बड़ी कॉन्फ्रेंस दावोस को अटेंड करे और वहां के लोगों से मिले। नेटवर्किंग से ही कई दरवाजे खुलते हैं, इसलिए वहां जाना बहुत जरूरी है।
राउत के तंज पर बोलीं अमृता फडणवीस
संजय राउत ने दावोस जाने वाले नेताओं के यात्रा खर्च को सार्वजनिक करने की मांग की थी। राउत ने कहा था कि भारत के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री दावोस में पिकनिक मना रहे हैं। भारतीय दृष्टिकोण से दावोस सम्मेलन हास्यास्पद है। इस पर अमृता फडणवीस ने कहा था कि मुझे उनकी (राउत) भाषा कभी समझ नहीं आती, लेकिन मैं इतना ही कहूंगी कि अगर कोई व्यक्ति पिकनिक पर गया है, तो वह भारत और महाराष्ट्र में निवेश लाने और रोजगार बढ़ाने के लिए रोज सुबह छह बजे से रात 11 बजे तक सम्मेलन और बैठकें नहीं करता। उन्होंने कहा कि इसलिए मुझे लगता है कि उनका (राउत) यह बयान, उनके बाकी सभी बयानों की तरह निराधार है। हालांकि जब सीएम फडणवीस दावोस पहुंचे थे और उनका वहां पर जब स्वागत हुआ था तब संजय राउत ने एक मराठी के तौर पर उनके स्वागत पर अभिमान व्यक्त किया था। राउत ने लिखा था कि क्या फडणवीस की दिल्ली यात्रा शुरू हो गई है?
फडणवीस ने दावोस से दिया जवाब
दावोस में आकर भारतीय कंपनियों से एमओयू को लेकर हो रही आलोचना पर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस का भी बयान सामने आया है। ‘इंडिया टुडे’ से बातचीत में फडणवीस ने कहा कि भारतीय कंपनियों में काफी विदेश निवेश एफडीआई के जरिए होता है। ऐसे में उसे कंपनी के शेयरधारक दावोस में उपस्थिति चाहते हैं। वे भी बैठकों में उपस्थित रहते हैं। ऐसे में यह कहना कि यहां आकर एमओयू किया। यह गलत है। दरअसल, जब फडणवीस ने लोढ़ा ग्रुप के साथ जब दावोस में एक एमओयू किया था तो कुछ मीडिया रिपोर्ट में सवाल खड़े हुए थे कि मुंबई की कंपनी के साथ दावोस में एमओयू। अब सीएम फडणवीस ने भारतीय कंपनी के प्रमुखों से मिलने और एमओयू पर अपना स्टैंड साफ किया है। सीएम देवेंद्र फडणवीस ने दावा किया कि दावोस में महाराष्ट्र सरकार ने 30 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश करार किए हैं। इससे 40 लाख नई नौकरियों पैदा होगी। ये करार दुनिया के 18 देशों के निवेशकों और कंपनियों के साथ किए हैं।




