
नई दिल्ली: नागालैंड में जहरीली शराब पीने से भारी तबाही की खबर सामने आई है। राज्य के दो अलग-अलग जिलों में पिछले 48 घंटों के भीतर संदिग्ध मिलावटी शराब के सेवन से कम से कम 19 लोगों की जान चली गई है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, मोकोकचुंग ज़िले में 8 और तुएनसांग ज़िले में 11 लोगों की मौत हुई। पुलिस ने इन मौतों की जांच करने और संदिग्ध मिलावटी शराब के स्रोत और सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई है। सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ़ पुलिस वेसुप्रा केज़ो ने बताया कि एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ़ पुलिस आई बुंगलांग चांग इस टीम का नेतृत्व करेंगे। केज़ो ने कहा, “हमें कुछ सुराग मिले हैं, लेकिन अभी जानकारी का खुलासा करना जल्दबाजी होगी।” पुलिस ने मौतों की वजह का पता लगाने के लिए शराब के सैंपल फोरेंसिक जांच के लिए गुवाहाटी भेजे हैं।
मौतों के बाद छापेमारी
मौतों के बाद पुलिस ने छापेमारी की और इस मामले में 19 लोगों को गिरफ्तार किया। उन्होंने शराब की लगभग 3,000 बोतलें भी ज़ब्त कीं। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि शराब कहां से आई और इन दो ज़िलों तक कैसे पहुंची। नागालैंड में 1990 से शराबबंदी कानून लागू है। पुलिस ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि ज़ब्त बोतलों में क्या था या क्या दोनों ज़िलों में एक ही सप्लाई पहुंची थी। फोरेंसिक नतीजों से संदिग्ध शराब के बारे में और जानकारी मिल सकती है।
पुलिस ने एडवाइज़री जारी की
पुलिस ने लोगों से अनजान, बिना लेबल वाली या संदिग्ध अवैध शराब से दूर रहने की अपील की है। उन्होंने यह भी कहा है कि शराब पीने के बाद अगर किसी को चक्कर आना, धुंधला दिखना, सांस लेने में तकलीफ़ या बेहोशी जैसी समस्या हो, तो तुरंत मेडिकल मदद लें।




