व्यापार

आयकर प्रणालियों में सुधार के लिए उठाए जा सकते हैं ये कदम

1 फरवरी,  2024 के अपने अंतरिम बजट भाषण में, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने स्वीकार किया कि सरकार की बही-खातों में लाखों ‘छोटी, गैर-सत्यापित, गैर-मिलान की गई या विवादित’ प्रत्यक्ष कर मांगें दर्ज हैं, जिनमें से कुछ 1962 जितनी पुरानी हैं। इन मांगों ने रिफंड रोक रखे थे और ईमानदार करदाताओं को परेशान किया था। उन्होंने 2009-10 तक की अवधि के लिए 25,000 रुपए तक और 2010-11 से 2014-15 तक के लिए 10,000 रुपए तक की मांगों को वापस लेने का प्रस्ताव रखा। राजस्व सचिव ने 3,500 करोड़ रुपए मूल्य की 1.11 करोड़ मांगों की पहचान की, जिनका औसत मात्र 3,150 रुपए प्रति मांग था। आयकर अधिनियम, 1961, 1 अप्रैल, 1962 को लागू हुआ था। वर्षों तक, राज्य ने अपने बही-खातों में ऐसे दावे रखे, जिनका उसने न तो सत्यापन किया था और न ही मिलान किया और उन्हीं के आधार पर रिफंड रोके रखे।

इतने पुराने दावों का इतने लंबे समय तक अनसुलझा रहना यह दर्शाता है कि बही-खाता (लैजर) गलत है। इसका उपाय है-बिजनैस प्रोसैस री-इंजीनियरिंग (बी.पी.आर.)। बी.पी.आर. किसी प्रक्रिया के उद्देश्य पर सवाल उठाता है, अनावश्यक चरणों को हटाता है, अंतॢनहित कानून को सुधारता है और उसके बाद ही प्रौद्योगिकी का उपयोग करता है। आयकर विभाग ने ठीक यही किया है। 2006 के बजट में एक बी.पी.आर. अभ्यास की घोषणा की गई थी, जिसमें इस बात पर सवाल उठाया गया था कि रिटर्न की प्रोसैसिंग करदाताओं पर अधिकार क्षेत्र रखने वाले अधिकारियों द्वारा ही क्यों की जानी चाहिए। वित्त अधिनियम, 2008 ने उस बाध्यता को हटा दिया और फरवरी, 2009 में कैबिनेट ने सैंट्रलाइज्ड प्रोसैसिंग सैंटर (सी.पी.सी.) की स्थापना को मंजूरी दी।

यह 2 दशक पहले की बात थी। भारत के नियंत्रक और महालेखा परीक्षक (कैग) ने 2017 की एक रिपोर्ट में सी.पी.सी. में घोषित आय के साथ स्रोत पर कर कटौती (टी.डी.एस.) का मिलान करने के लिए दोषपूर्ण व्यावसायिक नियमों को चिह्नित किया था। 2019 में शुरू किया गया फेसलैस असैसमैंट पुरानी प्रक्रिया के ऊपर ही थोप दिया गया था। दिसम्बर 2025 में संसद में दिए गए एक उत्तर में बताया गया कि प्रथम.चरण की 5,39,863 अपीलें लंबित हैं,  जिनमें 16.75 ट्रिलियन रुपए की राशि शामिल है। 1 अप्रैल 2025 तक, बकाया कर मांगें 2.29 करोड़ प्रविष्टियों में 48.18 ट्रिलियन रुपए थीं। इसमें से कितना वास्तविक है? आयकर अधिनियम, 2025 ने कानून को फिर से लिखा है, लेकिन प्रक्रिया को नहीं।

दूसरी बी.पी.आर. को क्या करना चाहिए? पहला, डिजाइन करने से पहले मापन करें। मामलों का एक नमूना लें और फाइलिंग से लेकर बंद होने तक प्रत्येक को ट्रैक करें। यह गिनें कि यह कितने हाथों से गुजरता है, कितने दिनों तक प्रतीक्षा करता है और किस बिंदू पर मांग बाद में पलट दी जाती है। मांग उठाने वाली कितनी सूचनाओं में बाद में सुधार किया जाता है? कौन-सा व्यावसायिक नियम सबसे अधिक शिकायतें पैदा करता है? दूसरा, कार्य को शृंखलाओं के रूप में परिभाषित करें। रिटर्न दाखिल करने से लेकर उनकी प्रोसैसिंग तक एक शृंखला है। टी.डी.एस. के लिए क्रैडिट दूसरी शृंखला है। इसी तरह सुधार और अपीलीय आदेशों को प्रभावी बनाना भी है। मूल्यांकन और अपीलीय प्रक्रियाएं एक अन्य शृंखला हैं। 

तीसरा, मिलान के बिना कोई मांग नहीं। यदि कटौतीकत्र्ता का विवरण और रिटर्न मेल नहीं खाते, तो मांग भेजने से पहले सिस्टम को पूछताछ करनी चाहिए। चौथा, करदाता को स्पष्टीकरण देने का अवसर मिलना चाहिए। वह स्पष्टीकरण प्रोसैसिंग से लेकर मूल्यांकन और अपील तक, फाइल के साथ आगे बढऩा चाहिए। पांचवां, कानून और प्रक्रिया का मसौदा एक साथ तैयार किया जाना चाहिए। क्या किसी बदलाव के लिए नियम, अधिसूचना या संशोधन की आवश्यकता है? छठा, विस्तार करने से पहले एक फाइलिंग सीजन के लिए एक पायलट प्रोजैक्ट चलाएं और किसी बाहरी व्यक्ति से परिणाम का आकलन करवाएं। सातवां, रुकें नहीं। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सी.बी.डी.टी.) के तहत एक स्थायी प्रकोष्ठ को हर साल पलटे गए आदेशों और बार-बार होने वाली शिकायतों के विरुद्ध प्रत्येक व्यावसायिक नियम की समीक्षा करनी चाहिए।

व्यापक प्रक्रिया री-इंजीनियरिंग में फाइलिंग और क्रैडिट मिलान से लेकर मूल्यांकन, सुधार, अपील, वसूली और रिफंड तक की पूरी शृंखला शामिल होनी चाहिए। सुधार विभागीय सीमाओं से परे जाना चाहिए। अगले काऊंटर को पंगु छोड़ते हुए एक काऊंटर को ठीक करना केवल समस्या को स्थानांतरित करता है।-सूर्य प्रकाश बी.एस. और आदित्य सिन्हा          

Related Articles

Back to top button