दिल्ली

बांके बिहारी के भक्तों के लिए बड़ी खबर, सीढ़ियां चढ़ने और जगमोहन में दर्शन करने पर लगाई रोक

नेशनल डेस्कः बांके बिहारी मंदिर प्रबंधन के लिए उच्चतम न्यायालय की ओर से नियुक्त उच्चाधिकार प्राप्त समिति के अध्यक्ष ने पुजारियों की तरफ से नियमों का पालन न करने के बाद जगमोहन में सीढ़ियां चढ़ने या दर्शन करने पर रोक लगा दी है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। जगमोहन मंदिर के गर्भगृह और उस क्षेत्र के बीच का स्थान है जहां से आम श्रद्धालु बांके बिहारी के दर्शन कर सकते हैं। 

स्थानीय रीति-रिवाजों और परंपराओं के अनुसार, श्रद्धालुओं को जगमोहन में प्रवेश की अनुमति नहीं है। केवल ड्यूटी पर तैनात पुजारी ही श्रद्धालुओं की तरफ से पूजा-अर्चना के लिए वहां जा सकते हैं। उच्चतम न्यायालय ने प्रसिद्ध मंदिर के दैनिक कार्यों के प्रबंधन के लिए इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश अशोक कुमार की अध्यक्षता में 12 सदस्यीय उच्चाधिकार प्राप्त समिति गठित की थी। 

अशोक कुमार ने बताया कि मंदिर के सेवायतों (पुजारियों) ने इस प्रथा को रोकने का वादा करने के बावजूद परामर्श का पालन नहीं किया, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया है। शुक्रवार को जारी एक निर्देश के माध्यम से, उन्होंने इस प्रथा पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि शनिवार से जगमोहन के ऊपरी बाएं और दाएं हिस्से में किसी भी आगंतुक का प्रवेश प्रतिबंधित होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button