बैंक में मदद का झांसा, हाथ में कागज की गड्डी! आजमगढ़ में टप्पेबाजी का खेल, पुलिस मुठभेड़ के बाद 3 आरोपी गिरफ्तार

आजमगढ़: बैंक में आपकी मेहनत की कमाई सुरक्षित है, लेकिन बैंक के बाहर मदद के नाम पर कोई आपको कंगाल कर सकता है। कुछ ऐसा ही शातिर खेल खेल रहा था टप्पेबाजों का एक गिरोह। रुपये जमा करने और निकालने पहुंचे लोगों को भरोसे में लेना, असली नोटों पर हाथ साफ करना और बदले में कागज की गड्डी थमाकर नौ-दो ग्यारह हो जाना यही था इस गिरोह का ठगी का तरीका।
जीयनपुर पुलिस ने इस शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बुधवार सुबह हुई पुलिस मुठभेड़ में गिरोह का सरगना अमित साहनी गोली लगने से घायल हो गया। वहीं, पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान थानाध्यक्ष संजय सिंह बाल-बाल बच गए। गोली उनकी दाहिनी कनपटी के पास से गुजर गई।
मददगार बनकर आते, नकदी लेकर गायब हो जाते
गिरोह का तरीका बेहद शातिर था। बैंक में ऐसे लोगों पर नजर रखी जाती थी, जिनके पास नकदी होती थी। फिर शुरू होता था भरोसे का खेल। कभी जमा पर्ची भरने में मदद, कभी बातचीत में उलझाना और कभी अधिक रुपये देने का लालच। पीड़ित को जब तक कुछ समझ आता, तब तक उसकी असली रकम गायब हो चुकी होती और हाथ में रह जाती थी सिर्फ कागज की गड्डी।
दो लोगों को बनाया गया निशाना
जीयनपुर में इसी तरीके से दो लोगों को निशाना बनाया गया। 10 अगस्त को धर्मराज चौहान अजमतगढ़ स्थित बड़ौदा यूपी बैंक में 74 हजार रुपये जमा करने पहुंचे थे। मदद के बहाने उन्हें विश्वास में लिया गया और शंकर जी की मूर्ति के पास ले जाकर रुपये लेकर कागज की गड्डी थमा दी गई। वहीं, 29 अक्टूबर को भारतीय बैंक, जीयनपुर से 49 हजार रुपये निकालकर जा रही बुजुर्ग महिला का बैग ही बदल दिया गया। आरोपियों ने रुपये लेकर चंपत होने में देर नहीं लगाई। इस प्रकार से इन शातिर आरोपियों नें दो घटनाओं को एक ही शातिर तरीके से अंजाम देकर कुल 1 लाख 23 हजार रुपये की ठगी की।
सुबह 5:30 बजे घेराबंदी, फिर पुलिस पर फायरिंग
टप्पेबाजी की घटनाओं के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे महावतगढ़ चकिया-अमुवारी नारायणपुर मार्ग पर पुलिस संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग पहुंचे। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो बाइक फिसल गई।
थानाध्यक्ष के कनपटी से निकली गोली
पुलिस के मुताबिक, इसके बाद एक आरोपी बबूल के पेड़ की आड़ लेकर पुलिस टीम पर गोली चलाने लगा। गोली थानाध्यक्ष संजय सिंह की कनपटी के पास से निकल गई। जवाबी कार्रवाई में गिरोह के सरगना अमित साहनी के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने मौके से अमित साहनी, शिवा साहनी और सुनील साहनी को गिरफ्तार कर लिया। घायल अमित को अस्पताल भेजा गया।




