ब्लड टेस्ट से पहले कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये गलतियां? दवाओं से लेकर फास्टिंग तक

फरीदाबाद: कई बार मरीज ब्लड टेस्ट कराने के बाद रिपोर्ट में आए नतीजों को लेकर परेशान हो जाते हैं. कुछ लोगों की एक ही जांच अलग-अलग लैब में कराने पर रिपोर्ट में अंतर देखने को मिलता है. इसके पीछे सैंपल लेने का तरीका, दवाओं का सेवन, जांच का समय और फास्टिंग जैसी वजहें हो सकती हैं. ऐसे में ब्लड टेस्ट कराने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए. फरीदाबाद स्थित अमृता अस्पताल के हेड क्लीनिकल लैब डॉक्टर अनुभव पांडे ने बताया कि ब्लड सैंपल से लेकर रिपोर्ट तैयार होने तक किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है.
बारकोड से होती है सैंपल की पहचान
Local18 से बातचीत में डॉक्टर अनुभव पांडे बताते हैं कि अस्पताल में हर ब्लड सैंपल को बारकोड दिया जाता है. सैंपल लेने से पहले ट्यूब और कंटेनर पर बारकोड लगाया जाता है. इसके बाद मरीज का नाम जांचकर ब्लड सैंपल लिया जाता है. बारकोड में मरीज और उसकी जांच से जुड़ी जानकारी होती है. इसी के आधार पर मशीन में टेस्ट किया जाता है और डॉक्टर के वेरिफिकेशन के बाद रिपोर्ट मरीज तक पहुंचती है. इस प्रक्रिया से सैंपल बदलने या गलत रिपोर्ट आने की आशंका काफी कम हो जाती है.
डॉक्टर अनुभव बताते हैं कि अगर कोई मरीज विटामिन D या आयरन जैसे सप्लीमेंट ले रहा है, तो ब्लड टेस्ट कराने से पहले इसकी जानकारी लैब को देनी चाहिए. इन चीजों का असर जांच के नतीजों पर पड़ सकता है. इससे रिपोर्ट में वैल्यू वास्तविक स्थिति से अधिक दिखाई दे सकती है और इलाज पर भी इसका असर पड़ सकता है.
हर ब्लड टेस्ट के लिए फास्टिंग जरूरी नहीं
डॉक्टर अनुभव बताते हैं कि फास्टिंग ब्लड शुगर की जांच के लिए 10 से 12 घंटे खाली पेट रहना जरूरी है. इसके अलावा ज्यादातर ब्लड टेस्ट बिना फास्टिंग के कराए जा सकते हैं. लिपिड प्रोफाइल की जांच भी अब सामान्य तौर पर बिना फास्टिंग कराई जा सकती है. हालांकि, वैल्यू असामान्य आने पर डॉक्टर विशेष परिस्थितियों में खाली पेट दोबारा जांच कराने की सलाह दे सकते हैं.
अलग-अलग लैब में रिपोर्ट बदलने की वजह
डॉक्टर अनुभव बताते हैं कि एक ही टेस्ट की रिपोर्ट दो लैब में अलग आने का मतलब यह नहीं है कि किसी एक लैब की रिपोर्ट गलत है. इसके पीछे इस्तेमाल होने वाली मशीन और जांच के समय का अंतर भी हो सकता है. डॉक्टर ने TSH यानी थायरॉयड स्टिम्युलेटिंग हार्मोन का उदाहरण देते हुए बताया कि इसकी वैल्यू दिनभर में 50 से 60 प्रतिशत तक बदल सकती है. इसलिए सुबह 8 बजे और दोपहर 12 बजे कराई गई जांच के नतीजे अलग हो सकते हैं. मरीज को रिपोर्ट देखकर खुद परेशान होने के बजाय अपने डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए.
ब्लड टेस्ट से पहले इन निर्देशों का करें पालन
डॉक्टर अनुभव बताते हैं कि मरीज को जांच से पहले बताई गई सभी शर्तों का पालन करना चाहिए. फास्टिंग के लिए 10 से 12 घंटे का सही अंतर रखना जरूरी है. इसके अलावा कुछ जांच के लिए सैंपल लेने का समय तय होता है. उदाहरण के तौर पर कोर्टिसोल की जांच के लिए निर्धारित समय पर सैंपल देना जरूरी है. इसी तरह फास्टिंग ब्लड शुगर के दो घंटे बाद होने वाली जांच तय समय पर करानी चाहिए. तीन घंटे बाद सैंपल देने से नतीजे प्रभावित हो सकते हैं. बार-बार अलग-अलग लैब में जांच कराने के बजाय एक ही लैब और डॉक्टर की सलाह के अनुसार जांच कराएं. इससे रिपोर्ट की तुलना करना आसान होगा और मरीज को बेवजह की उलझन से बचाया जा सकेगा.




