मध्यप्रदेश

मध्य प्रदेश में बड़ा फेरबदल, सीएम के दुबई रवाना होने से पहले विवादों में घिरे IAS हटे, सागर-उज्जैन समेत कई अहम पद बदले

भोपाल: मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव के दुबई दौरे से ठीक पहले सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। शनिवार शाम जारी आदेशों के जरिए IAS और राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बड़ा बदलाव किया गया है। खास बात यह है कि तबादलों में उन अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी दी गई है, जिनके विभाग हाल के दिनों में विवादों और विरोध के कारण चर्चा में रहे थे।

सरकार के इस फेरबदल को केवल सामान्य प्रशासनिक बदलाव के तौर पर नहीं देखा जा रहा, बल्कि सिंहस्थ की तैयारियों, राजस्व प्रशासन, उद्योग, महिला एवं बाल विकास और संभागीय स्तर पर नई टीम तैयार करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

विवादों के बीच नेहा मारव्या का विभाग बदला

इस फेरबदल में सबसे ज्यादा चर्चा 2011 बैच की IAS अधिकारी नेहा मारव्या को लेकर है। वे संचालक, आदिम जाति क्षेत्रीय विकास योजनाएं और प्रबंध संचालक, पंचायत अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की जिम्मेदारी संभाल रही थीं।

हाल ही में विभाग की महिला अधिकारियों के साथ बैठक में कथित अभद्रता के आरोपों के बाद मामला काफी गरमाया था। घटनाक्रम के बाद विभाग के अधिकारियों ने पेन डाउन हड़ताल तक कर दी थी। 14 अगस्त के घटनाक्रम को लेकर मुख्य सचिव स्तर पर भी शिकायत की गई थी। अब सरकार ने नेहा मारव्या को इन जिम्मेदारियों से हटाकर प्रबंध संचालक, अनुसूचित जनजाति वित्त एवं विकास निगम की जिम्मेदारी सौंपी है।

एक और विवादित विभाग से निधि निवेदिता की विदाई

महिला एवं बाल विकास विभाग में भी हाल में अधिकारियों के बीच विवाद सामने आया था। विभाग की आयुक्त निधि निवेदिता के खिलाफ संयुक्त संचालक स्तर के अधिकारियों में नाराजगी की स्थिति बनी थी।

  • बताया गया कि एक अधिकारी के साथ डांट-फटकार के बाद विभागीय अधिकारियों ने आयुक्त के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। शासन स्तर पर हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ था। अब सरकार ने निधि निवेदिता को महिला एवं बाल विकास विभाग से हटाकर राजस्व विभाग में नई जिम्मेदारी दी है। यानी एक ही प्रशासनिक फेरबदल में दो ऐसे विभागों में बदलाव किया गया है, जो हाल के दिनों में अंदरूनी विवादों को लेकर चर्चा में रहे थे।

सागर कमिश्नर बदले, दिलीप कुमार को मिली कमान

सरकार ने सागर संभाग में भी बड़ा बदलाव किया है। 2006 बैच के IAS अधिकारी अनिल सुचारी को सागर संभाग के आयुक्त पद से हटाकर मध्य प्रदेश भंडार गृह निगम, भोपाल का प्रबंध संचालक बनाया गया है। उनकी जगह 2008 बैच के IAS अधिकारी दिलीप कुमार को सागर संभाग का नया आयुक्त बनाया गया है। सागर संभाग में यह बदलाव प्रशासनिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है, क्योंकि बुंदेलखंड क्षेत्र में राजस्व, विकास और आगामी प्रशासनिक गतिविधियों के लिहाज से संभागीय स्तर की भूमिका महत्वपूर्ण है।

Related Articles

Back to top button