मेक इन इंडिया का असर, ‘डॉल्फिन हंटर’ पूरी तरह से बना है भारत के ‘फौलाद’ से

नई दिल्ली: भारतीय नौसेना Indian Navy के लिए आज का दिन बेहद खास है। आज इसके बेड़े में दुश्मनों की पनडुब्बी (Submarine) को मार गिराने वाला वारशिप (Anti-Submarine Warfare Shallow Water Craft) आईएनएस अंजदीप ( INS Anjadip ) शामिल हो रहा है। इस वारशिप (ASW-SWC) का निकनेम डॉल्फिन हंटर (Dolphin Hunter) भी है। आपको पता है कि इस वारशिप को किसने बनाया है और इसे बनाने में कहां की स्टील या फौलाद का इस्तेमाल हुआ है?
सरकारी कंपनी ने बनाया है
आईएनएस अंजदीप का निर्माण केंद्र सरकार की कोलकाता की कंपनी गार्डनरीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड (GRSE) ने किया है। सबसे अच्छी बात यह है कि इस वारशिप को बनाने में पूरा का पूरा स्टील देश में ही बनाया गया है। इसे बनाने वाली कंपनी है देश की सार्वजनिक क्षेत्र की सबसे बड़ी इस्पात उत्पादक और महारत्न कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL)। जी हां, सेल ने ही आईएनएस अंजदीप के निर्माण में जितना भी स्पेशल ग्रेड के स्टील की जरूरत हुई, उसकी सप्लाई सेल ने की है।
क्या है आईएनएस अंजदीप
आईएनएस अंजदीप भारतीय नौसेना में शामिल होने जा रहा तीसरा एंटी-सबमरीन वारफेयर शैलो वॉटर क्राफ्ट (ASW-SWC) कार्वेट है। इससे पहले पिछले साल आईएनएस अरनाला और आईएनएस एंड्रोथ भी शामिल किए जा चुके हैं। नौसेना के पुराने होते ‘अभय-श्रेणी’ के जहाजों को बदलने के लिए इन ASW-SWC कार्वेट का निर्माण स्वदेशी रूप से किया जा रहा है। इस रणनीतिक प्रयास में योगदान देते हुए, सेल ने लगभग 3,500 टन स्पेशल-ग्रेड स्टील की सप्लाई की है। इस स्टील की सप्लाई सेल के बोकारो, भिलाई और राउरकेला स्थित स्टील प्लांट से की गई है।
मेक इन इंडिया है सबकुछ
एक जमाना था जबकि भारत में न तो वारशिप बनते थे और न ही इसमें इस्तेमाल होने वाले स्पेशल ग्रेड स्टील। लेकिन अब वे जमाना लद गया। अब डिफेंस मैन्यूफैक्चरिंग (Defence Manufacturing) में भारत की आत्मनिर्भरता को आगे बढ़ाने, आयात पर निर्भरता कम करने और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के दृष्टिकोण को सुदृढ़ करने के प्रति सेल की प्रतिबद्धता और मजबूत हो गई है। पिछले कुछ वर्षों के दौरान सेल ने रक्षा स्वदेशीकरण में देश की स्पेशल-ग्रेड स्टील की जरूरतों को लगातार पूरा किया है। इसने आईएनएस विक्रांत, आईएनएस उदयगिरि, आईएनएस नीलगिरी, आईएनएस सूरत जैसी अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए इस ग्रेड के स्टील की सप्लाई की है।




