छत्तीसगढ़

लकड़ी तस्करों ने वनकर्मियों को बंधक बनाकर की बेरहमी से पिटाई, पुलिस ने 1 दर्जन से अधिक आरोपियों के खिलाफ दर्ज की FIR

कोरबा। करतला वन परिक्षेत्र में देर रात लकड़ी तस्करों ने दो वनकर्मियों पर जानलेवा हमला कर उन्हें बंधक बना लिया। अवैध लकड़ी कटाई रोकने पहुंचे वनपाल और बीट गार्ड को तस्करों ने न सिर्फ बेरहमी से पीटा, बल्कि उन्हें जबरन वाहन में बैठाकर गांव ले गए और वहां दोबारा 20–25 लोगों ने मिलकर उनसे मारपीट की। आरोपियों में एक दर्जन से अधिक तस्करों के नाम शामिल हैं, जिनके खिलाफ करतला थाने में गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

हाथियों की निगरानी के दौरान मिली अवैध कटाई की सूचना

जानकारी के अनुसार कोरबा वनमंडल के करतला क्षेत्र में पिछले पखवाड़े से 38 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। इस पर नजर रखने के लिए रामपुर सर्किल के वनपाल चमरू सिंह कंवर और बीट गार्ड गजाधर सिंह राठिया को ड्यूटी पर लगाया गया था।
रविवार रात दोनों अधिकारी जंगली हाथियों की पेट्रोलिंग पर थे, तभी उन्हें कक्ष क्रमांक ओए 1464, मुड़धोवा पतरा (ग्राम जोगीपाली) के जंगल में अवैध पेड़ कटाई और लकड़ी निकालने की सूचना मिली।

ट्रैक्टर को रोका तो भड़के तस्कर

सूचना के आधार पर जब दोनों वनकर्मी मौके पर पहुंचे, तो उनकी नजर जंगल की ओर से आ रहे एक ट्रैक्टर पर पड़ी। तलाशी लेने पर ट्राली में तीन नग साल के लट्ठे लोड मिले। ट्रैक्टर में जोगीपाली निवासी मनाराम पटेल, अंकुश पटेल सहित करीब 8–10 लोग मौजूद थे। वनकर्मियों के रोकते ही तस्करों ने विवाद शुरू कर दिया और देखते ही देखते माहौल हिंसक हो गया। आरोपियों ने दोनों के मोबाइल फोन छीन लिए और गालीगलौच करते हुए हाथ-मुक्कों, लाठी, डंडे और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

जबरन वाहन में बैठाकर ले गए गांव

हमला यहीं नहीं रुका। तस्करों ने घायल वनपाल और बीट गार्ड को जबरिया वाहन में बिठाकर गांव की ओर ले गए। उतरकर भागने पर जान से मारने की धमकी देते रहे। गांव पहुंचने पर तस्करों ने अपने रिश्तेदारों और कई ग्रामीणों को बुला लिया, जिसके बाद 20–25 लोगों की भीड़ ने दोनों कर्मचारियों को फिर से बेरहमी से पीटा और उनकी वर्दी तक फाड़ दी।

किसी तरह मौका पाकर डिप्टी रेंजर वहां से भाग निकले, लेकिन तस्करों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया और निर्वस्त्र कर फिर से मारपीट की। घटना की गंभीरता से वन विभाग सहित पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।

थाने में शिकायत दर्ज, गिरफ्तारी की मांग

घटना की सूचना मिलने पर डीएफओ प्रेमलता यादव पीड़ितों के साथ करतला थाना पहुंचीं और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई। डीएफओ ने बताया कि गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज हो चुका है और वन विभाग आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग कर रहा है। उन्होंने कहा, “यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो एसपी और डीएफओ को ज्ञापन सौंपकर उग्र आंदोलन करने पर भी विचार किया जाएगा।”

क्षेत्र में दहशत, वनकर्मी असुरक्षित

लगातार बढ़ रहे अवैध कटाई के मामलों और तस्करों के बढ़ते मनोबल को लेकर क्षेत्र के वनकर्मियों में दहशत का माहौल है। अधिकारियों का कहना है कि यदि ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो जंगलों की सुरक्षा और वनकर्मियों की जान दोनों खतरे में पड़ सकती है।

क्षेत्र में दहशत, वनकर्मी असुरक्षित

लगातार बढ़ रहे अवैध कटाई के मामलों और तस्करों के बढ़ते मनोबल को लेकर क्षेत्र के वनकर्मियों में दहशत का माहौल है। अधिकारियों का कहना है कि यदि ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो जंगलों की सुरक्षा और वनकर्मियों की जान दोनों खतरे में पड़ सकती है।

Related Articles

Back to top button