महाराष्ट्र

संदिग्ध सलीम शेख के बड़े खुलासे! एक ही नाम पर 3 फर्जी पासपोर्ट, 22 साल में कुवैत की 50 यात्राएं

मुंबई में टेरर फंडिंग से जुड़े मामले में की गिरफ्तार किए गए आरोपी सलीम शेख ने पूछताछ के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. जांच में पता चला है कि आरोपी ने एक ही नाम पर तीन अलग-अलग फर्जी पासपोर्ट बनवाकर पिछले 22 वर्षों में करीब 50 बार कुवैत की यात्रा की.

पुलिस के मुताबिक, सलीम रहमतुल्ला शेख के नाम से तैयार किए गए इन पासपोर्ट्स की अवधि अलग-अलग थी, 2007 से 2017, 2013 से 2023 और 2020 से 2030 तक. हैरानी की बात यह रही कि तीनों पासपोर्ट पर नाम और फोटो एक ही व्यक्ति का था, जिससे साफ है कि आरोपी लंबे समय से फर्जी दस्तावेजों के जरिए सिस्टम को चकमा दे रहा था.

कुछ पासपोर्ट पहले हो चुके हैं रद्द

जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ पासपोर्ट पहले ही रद्द किए जा चुके थे, इसके बावजूद आरोपी ने विदेश यात्राएं जारी रखीं. पुलिस छापेमारी के दौरान उसके ठिकाने से दो और संदिग्ध पासपोर्ट बरामद किए हैं, जिससे एक संगठित नेटवर्क की आशंका मजबूत हुई है. 

आरोपी से पुलिस ने बरामद किए 14 लाख रुपये 

आरोपी के पास से करीब 14 लाख रुपये नकद भी बरामद हुए हैं. मामले में तब और गंभीर मोड़ आया, जब जांच एजेंसियों को हवाला के जरिए पैसों के लेन-देन के सुराग मिले. छापे के दौरान विदेशी मुद्रा, खासतौर पर कुवैती दीनार और संदिग्ध ट्रांजैक्शन से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं. इससे इस बात की आशंका गहराई है कि यह नेटवर्क टेरर फंडिंग से जुड़ा हो सकता है.

पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा आरोपी

पूछताछ में सलीम शेख कई अहम सवालों के जवाब नहीं दे पाया और जांच को गुमराह करने की कोशिश करता रहा. फिलहाल एजेंसियां हवाला नेटवर्क, कुवैत कनेक्शन, फर्जी पासपोर्ट बनाने वाले गिरोह और डिजिटल सबूतों की गहन जांच कर रही हैं. आरोपी को मलाड पूर्व इलाके से गिरफ्तार किया गया था और अब इस पूरे नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने की कोशिश जारी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button