स्मार्टफोन बताएगा आप पर कैसी लग रही नई ड्रेस, अमरीका के बाद भारत आया गूगल का नया टूल

ब्यूरो— नई दिल्ली
गूगल ने भारत में अपना वर्चुअल अपैरल ट्राई ऑन टूल लॉन्च कर दिया है। ऑनलाइन शॉपिंग करते समय यह फीचर काफी काम आएगा। इस टूल की मदद से ऑनलाइन शॉपिंग करने से पहले आप कपड़े ट्राई यानी पहनकर देख पाएंगे कि वह आपके ऊपर अच्छा लग रहा है या नहीं। बता दें कि यह फीचर अमरीका के लिए पहले से ही उपलब्ध है। गूगल ब्लॉग पोस्ट के अनुसार, इसे इस फेस्टिव सीजन में भारत और यूके के लिए लाया गया है। आमतौर पर ऑनलाइन शॉपिंग करते समय लोगों को सबसे ज्यादा यही दिक्कत आता ही कि वे समझ नहीं पाते हैं कि कपड़े उन पर अच्छे लगेंगे या नहीं, जो कि ऑफलाइन शॉपिंग में समझना बहुत आसान है।
अब गूगल का यह टूल लोगों की इस समस्या भी दूर कर देगा। यह सुविधा शादी के सीजन में लोगों के काफी काम आने वाली है। भारत में ऑनलाइन खरीदारी तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में गूगल का लक्ष्य एक फिटिंग रूम के आराम को डिजिटल फॉर्मेट में लोगों तक पहुंचाना है। यूजर्स गुरुवार से ही गूगल पर इस टूल का इस्तेमाल कर सकते हैं।
जूते भी ट्राई करके देख सकते हैं
इस टूल का इस्तेमाल करना बहुत आसान है। आपको अपनी सिर्फ एक फोटो अपलोड करनी होगी और आप अरबों कपड़ों को वर्चुअली ट्राई कर पाएंगे। अब टॉप, ड्रेस, जैकेट, जींस, स्कर्ट के साथ-साथ जूते भी ट्राई कर सकते हैं। इससे बार-बार रिटर्न करने का झंझट भी कम हो जाएगा।




