छत्तीसगढ़

1.16 करोड़ का धान  घोटाले का आरोप : खरीदी केंद्र प्रभारी गिरफ्तार

 महासमुंद। जिले में करोड़ों रुपये के धान घोटाले का बड़ा मामला सामने आया है। धान उपार्जन केंद्र बम्हनी में किसानों के 3742 क्विंटल धान के गबन मामले में पुलिस ने केंद्र प्रभारी गंगाधर जगत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पर करीब 1 करोड़ 16 लाख रुपये के धान घोटाले का आरोप है।

जानकारी के मुताबिक, 27 मई 2026 को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक पिरदा शाखा के प्रबंधक उस्त कुमार प्रधान ने थाना बसना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। आर्थिक अपराधों और सरकारी संपत्ति के गबन पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिला पुलिस लगातार जांच कर रही है। शिकायत में बताया गया है कि धान उपार्जन केंद्र बम्हनी, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति आरंगी में 16 मई 2026 को प्रशासनिक जांच दल द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन के दौरान 3742 क्विंटल यानी 9355 कट्टे मोटा धान कम पाया गया।

जांच में सामने आया कि समर्थन मूल्य और कृषक उन्नति योजना की राशि मिलाकर कुल 1 करोड़ 16 लाख 200 रुपये का गबन किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बसना थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी और तत्कालीन केंद्र प्रभारी गंगाधर जगत से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार किया। जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  • गंगाधर जगत, पिता दुर्जन सिंह जगत, उम्र 37 वर्ष, निवासी – ग्राम दलालखार, थाना बसना, जिला महासमुंद

पुलिस के अनुसार मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आगे और कार्रवाई की संभावना है।

Related Articles

Back to top button