दिल्ली में आज बंद रहेंगे ये रास्ते, AI समिट को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

दिल्ली में ट्रैफिक पुलिस द्वारा शनिवार (21 फरवरी) को राजधानी में कई रास्तों को बंद करने और रूट डायवर्ट के लिए एडवाइजरी जारी की गई है. भारत मंडपम में चल रहे एआई समिट को लेकर ट्रैफिक पुलिस द्वारा बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए एडवाइजरी (Traffic Advisory Today) जारी की गई है.
AI इम्पैक्ट समिट–2026 और VVIP मूवमेंट को देखते हुए पुलिस ने खास प्लान शेयर किया है. दरअसल राजधानी की सड़कों पर भारी भीड़ के चलते भारत मंडपम की तरफ से जाने वाले रास्तों पर भीषण जाम की स्थिति पैदा हो रही है. जिसको देखते हुए पुलिस ने स्थिति से निपटने का फैसला किया.
पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस (Delhi Traffic Police) की तरफ से शनिवार (21 फरवरी) को एआई समिट की वजह से बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था की गई है. पुलिस की तरफ से जानकारी दी गई है कि सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक भारी संख्या में लोगों के आने-जाने और वाहनों की आवाजाही की आशंका को देखते हुए, सुचारू यातायात और जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात नियमों को लागू किया जाएगा.
यह रूट रहेंगे प्रभावित
भारी भीड़ को देखते हुए भैरों रोड भगवान दास रोड पुराना किला रोड मथुरा रोड शनिवार (21 फरवरी) की सुबह 9 बजे से लेकर रात 8 बजे तक प्रभावित रहेंगे. इन रास्तों को इस्तेमाल करने की जगह तिलक मार्ग, सिकंदर रोड और रिंग रोड का इस्तेमाल कर अपनी यात्रा को बेहतर और सुगम बना सकते हैं.
ट्रैफिक पुलिस ने दी यातायात संबंधी सलाह
ट्रैफिक पुलिस द्वारा लोगों को खास सलाह दी गई है. पुलिस द्वारा कहा गया है कि इन रास्तों पर आने वाले लोग जहां तक संभव हो, प्रभावित मार्गों से बचने की कोशिश की करें. साथ ही यात्रा की योजना पहले से बना लें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखें. जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि ड्यूटी पर तैनात यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें.




