मध्यप्रदेश

पांढुर्णा में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने पति-पत्नी को कुचला, गुस्साई भीड़ ने RTO वाहन तोड़ा

छिंदवाड़ा: पांढुर्णा जिले के सतनूर बॉर्डर स्थित आरटीओ चेक पोस्ट के पास रविवार रात करीब 8 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पति-पत्नी को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
हादसे के बाद भड़का गुस्सा

दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और राहगीरों ने आरटीओ विभाग के सरकारी वाहन में तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद सड़क पर आगजनी कर चक्काजाम कर दिया गया। काफी देर तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा। मौके पर मौजूद लोगों का आरोप है कि चेकपोस्ट पर अव्यवस्था और वाहनों की लंबी कतार के कारण यह हादसा हुआ।

मौके पुलिस बल ने संभाली स्थिति

सूचना मिलते ही पांढुर्णा जिले का पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाइश देकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। देर रात तक क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में हालात काबू में बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोग घटना के लिए आरटीओ चेक पोस्ट की व्यवस्था को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

मृतक दंपती गोद डोंगरी गांव के निवासी थे। उनकी शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। ट्रक चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button