व्यापार

होली पर शेयर बाजार में किस दिन है छुट्टी, आज NSE और BSE पर कारोबार होगा कि नहीं

नई दिल्ली: होली के अवसर पर भारतीय शेयर बाजार 3 मार्च 2026 (मंगलवार) को बंद रहेंगे। प्रमुख स्टॉक एक्सचेंज NSE और BSE में इस दिन इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव्स और अन्य सेगमेंट में कोई कारोबार नहीं होगा। हालांकि देश के कई हिस्सों में रंगों का त्योहार 4 मार्च (बुधवार) को मनाया जाएगा, लेकिन एक्सचेंजों ने 3 मार्च को ही अवकाश निर्धारित किया है।

MCX और NCDEX का क्या रहेगा हाल?

देश का सबसे बड़ा गैर-कृषि कमोडिटी एक्सचेंज Multi Commodity Exchange of India (MCX) सुबह के सत्र (सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक) में बंद रहेगा, लेकिन शाम के सत्र में शाम 5 बजे से रात 11:30 बजे तक कारोबार फिर से शुरू होगा। वहीं, प्रमुख कृषि जिंस एक्सचेंज National Commodity & Derivatives Exchange (NCDEX) दोनों सत्रों में पूरी तरह बंद रहेगा।

मार्च में किस-किस दिन है छुट्टी?

26 मार्च (गुरुवार): श्री राम नवमी
31 मार्च (मंगलवार): महावीर जयंती

अप्रैल से दिसंबर तक की छुट्टियों की लिस्ट

3 अप्रैल (शुक्रवार): गुड फ्राइडे
14 अप्रैल: अंबेडकर जयंती
1 मई: महाराष्ट्र दिवस
28 मई: बकरीद
26 जून: मुहर्रम
14 सितंबर: गणेश चतुर्थी
2 अक्टूबर: गांधी जयंती
20 अक्टूबर: दशहरा
10 नवंबर: दिवाली बलिप्रतिपदा
24 नवंबर: गुरु नानक जयंती
25 दिसंबर: क्रिसमस

दिवाली संडे को

इस साल दिवाली रविवार को पड़ रही है, इसलिए उस दिन अलग से अवकाश घोषित नहीं किया गया है। हालांकि 8 नवंबर 2026 (रविवार) को मुहूर्त ट्रेडिंग आयोजित की जाएगी, जिसके समय की सूचना बाद में दी जाएगी। एक्सचेंजों ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर किसी भी अवकाश में बदलाव किया जा सकता है, जिसकी पूर्व सूचना अलग सर्कुलर के जरिए दी जाएगी।

शेयर बाजार में बड़ी गिरावट

इजरायल-ईरान युद्ध के चलते भारतीय शेयर बाजार सोमवार को बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ। दिन के अंत में सेंसेक्स 1,048.34 अंक या 1.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ 80,238.85 और निफ्टी 312.95 अंक या 1.24 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,865.70 पर था। बड़ी गिरावट के चलते बीएसई पर लिस्टेड सभी कंपनियों का मार्केटकैप 7 लाख करोड़ रुपए कम होकर 456 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो कि शुक्रवार को 463 लाख करोड़ रुपए था।

सूचकांकों में निफ्टी इन्फ्रा (2.23 प्रतिशत), निफ्टी ऑटो (2.20 प्रतिशत), निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स (2.15 प्रतिशत), निफ्टी ऑयल एंड गैस (2.15 प्रतिशत), निफ्टी पीएसयू (1.84 प्रतिशत), निफ्टी मीडिया (1.82 प्रतिशत), निफ्टी रियल्टी (1.61 प्रतिशत) और निफ्टी एनर्जी (1.61 प्रतिशत) की गिरावट के साथ बंद हुआ। दूसरी तरफ निफ्टी इंडिया डिफेंस (0.49 प्रतिशत), निफ्टी मेटल (0.24 प्रतिशत) और निफ्टी फार्मा (0.02 प्रतिशत) ही बढ़ने वाले इंडेक्स थे।

Related Articles

Back to top button