छत्तीसगढ़

प्रेमिका को रंग लगाने के शक में दो युवकों की चाकू मारकर हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार

बस्तर जिले में रंगपंचमी की पूर्व संध्या पर खुशियों का माहौल उस समय मातम में बदल गया, जब दो युवकों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मामला नगरनार थाना क्षेत्र के कलचा गांव का है, जो बस्तर सांसद का पैतृक गांव बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार गांव में पारंपरिक रूप से होलिका दहन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान एक विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि सालगुड़ गांव के दो युवकों पर एक युवक की प्रेमिका को रंग लगाने का शक जताया गया। इसी संदेह को लेकर कलचा गांव के चार युवकों ने दोनों को घेर लिया।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें बचाने की कोशिश की गई, लेकिन दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान रोहित और उमेश के रूप में हुई है।

वहीं घटना की सूचना मिलते ही नगरनार पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में से एक के नाबालिग होने की भी जानकारी सामने आई है।

फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस सनसनीखेज वारदात के पीछे की पूरी घटना की जांच की जा रही है। रंगों के त्योहार से पहले महज एक शक ने दो युवकों की जान ले ली, जिससे पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button