मेडिकल स्टूडेंट ने की आत्महत्या, बॉयफ्रेंड उठाता था चरित्र पर सवाल, मिला सुसाइड नोट

मुंबई के एंटॉप हिल इलाके में 24 वर्षीय एक डेंटल मेडिकल छात्रा स्तुति सोनावने ने कथित तौर पर अपने प्रेमी मोहम्मद फैजुल खान द्वारा चरित्र पर लगाए जा रहे आरोपों से परेशान होकर आत्महत्या कर ली. पुलिस को मौके से छह पन्नों का सुसाइड नोट मिला है.
सुसाइड नोट में छात्रा ने फैजुल से अपने रिश्ते की शुरुआत से लेकर आत्महत्या जैसा कदम उठाने तक की पूरी कहानी लिखी है. मृत छात्रा की पहचान स्तुती सोनवणे के रूप में हुई है, जो नवी मुंबई के एक डेंटल कॉलेज में एमडीएस (Master of Dental Surgery) की पढ़ाई कर रही थी.
माता-पिता के साथ रहती थी छात्रा
मृतक छात्रा अपने माता-पिता और बहन के साथ एंटॉप हिल स्थित घर में रहती थी. परिजनों के अनुसार, घटना वाले दिन सुबह करीब 11 बजे तक जब स्तुती अपने कमरे से बाहर नहीं निकली, तो परिवार को शक हुआ. दरवाजा तोड़कर देखा गया तो वह दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी हुई मिली.
परिवार ने तुरंत उसे मुंबई के सायन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने के बाद एंटॉप हिल पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की तलाशी के दौरान छह पन्नों का सुसाइड नोट बरामद किया.
सुसाइड नोट में छात्रा ने प्रेमी पर लगाए आरोप
सुसाइड नोट में छात्रा ने अपने प्रेमी मोहम्मद फैजुल खान पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उसने लिखा है कि प्रेमी उस पर भद्दे आरोप लगाता था और बार-बार उसके चरित्र पर शक करता था, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई थी.
सुसाइड नोट में छात्रा ने यह भी लिखा कि शुरुआत में दोनों के संबंध अच्छे थे, लेकिन समय के साथ विवाद और झगड़े बढ़ते चले गए. स्तुति ने अपने सुसाइड नोट में लिखा है कि वो फैजुल के प्यार में इस तरह पागल थी कि फैजूल ऑनलाइन डेटिंग साईट पर भी सक्रिय था जिसे स्तुति ने नजरअंदाज किया.
सुसाइड नोट में श्रद्धा वालकर हत्याकांड का जिक्र
नोट में अप्रत्यक्ष रूप से चर्चित श्रद्धा वालकर हत्याकांड का भी जिक्र किया गया है. छात्रा ने सुसाइड नोट में लिखा कि मोहम्मद फैजुल से उसके रिश्ते पर उसके दोस्त अक्सर उससे कहते थे कि हमें अच्छा नहीं लगेगा, अगर हमें तुम्हारी लाश फ्रिज में दिखे.
नोट में आगे बताया कि मैं सोचती थी कि हर कोई ऐसा नहीं होता, लेकिन वे सब सही थे. बिल्कुल सही. गौरतलब है की चर्चित श्रद्धा वालकर की हत्या उसके लिव इन पार्टनर आफताब पुनावाला ने प्रेमिका के शव को काटकर फ्रीज में रखा और बाद में जंगलों में फेक दिया था.
आरोपी प्रेमी के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस के मुताबिक इस मामले में वरली के फैजुल मोहम्मद खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया गया है और सुसाइड नोट के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस परिवार और दोस्तों के बयान दर्ज कर रही है तथा प्रेमी की भूमिका की भी जांच की जा रही है.




