उत्तरप्रदेश

SP MLA के कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया टैंक फटा, बिल्डिंग ढहने से दर्जनों मजदूर दबे, 4 की मौत, 12 घायल; PM Modi ने जताया दुख

प्रयागराज : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में गंगा नगर के फाफामऊ थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक ‘कोल्ड स्टोरेज’ के अचानक ढह जाने से चार श्रमिकों की मृत्यु हो गई, जबकि 14 श्रमिक घायल हो गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने मीडिया को बताया, ”कोल्ड स्टोरेज ढहने की घटना में चार लोगों की मृत्यु हुई है, जबकि घायल श्रमिकों की संख्या 14 हो गयी है, जिनका उपचार एसआरएन अस्पताल में जारी है।” 

मलबे में फंसे लोगों का रेस्क्यू जारी, जांच में जुटी पुलिस 
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग की टीम घटनास्थल से मलबा हटाकर लोगों की तलाश कर रही है। पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार ने बताया, “फाफामऊ थाना अंतर्गत चंदापुर गांव में एक दुखद दुर्घटना हुई है जिसमें एक कोल्ड स्टोरेज का एक हिस्सा ढह गया है। कोल्ड स्टोरेज का मालिक अंसार अहमद नाम का व्यक्ति बताया जा रहा है जो समाजवादी पार्टी का पूर्व विधायक है।”

उन्होंने कहा, “हम इस बात की पूरी जांच करेंगे कि इस कोल्ड स्टोरेज के लाइसेंस का कब नवीनीकरण हुआ था और खंडहर जैसे भवन वाले इस कोल्ड स्टोरेज को कैसे लाइसेंस दिया गया। इस घटना के लिए जिम्मेदार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।” इससे पूर्व, पुलिस उपायुक्त (डीसीपी-गंगा नगर) कुलदीप गुनावत ने बताया था कि फाफामऊ थाना क्षेत्र चंदापुर में एक ‘कोल्ड स्टोरेज’ आज दोपहर अचानक भर भराकर ढह गया और उससे अमोनिया गैस का रिसाव होने लगा जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। 

PM मोदी ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख, घायलों को 50,000 की सहायता दी  
प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा ‘एक्स’ पर किये गये पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रयागराज में इस घटना पर दुख व्यक्ति करते हुए कहा है, “इस मुश्किल घड़ी में प्रभावित लोगों और उनके परिजनों के साथ मेरी सहानुभूति है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की सहायता दी जाएगी।” 

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा, “प्रयागराज के कोल्ड स्टोरेज में हुई दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुखद एवं ह्रदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। इस दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जायेगी। जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनका समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए गए हैं।” 

जिलाधिकारी ने बताया, “हमें आज दोपहर डेढ़- दो बजे के बीच फाफामऊ में कोल्ड स्टोरेज ढहने की सूचना मिली जिस पर मैं और पुलिस आयुक्त समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।” पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान ज्योविश कुमार (22) निवासी सहरसा (बिहार), जगदीश कुमार (42) निवासी चंदापुर, फाफामऊ, मनोज उर्फ बिल्लर चौधरी (36) निवासी सहरसा (बिहार) और मसिन्दर कुमार (19) निवासी सहरसा (बिहार) के रूप में की गई है। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button