आज से ही खाना शुरू कर दें ये 5 चीजें, आसपास भी नहीं फटकेगी लू

मई का महीना शुरू होने वाला है और उससे पहले ही चिलचिलाती गर्मी ने दस्तक दे दी है, और गर्मियों में बढ़ते तापमान के साथ लू (हीट स्ट्रोक) का खतरा भी काफी बढ़ जाता है. ऐसे में सिर्फ बाहर से बचाव करना काफी नहीं होता, बल्कि शरीर को अंदर से बचाना और ठंडा व हाइड्रेट रखना भी उतना ही जरूरी हो जाता है. अच्छी बात यह है कि कुछ साधारण और आसानी से मिलने वाली चीजों को अपने खाने में शामिल कर हम इस तेज गर्मी से लड़ने के लिए तैयार हो सकते हैं.
सबसे पहले बात करते हैं खीरे की तो यह गर्मियों के लिए सबसे आसान और सस्ता उपाय माना जाता है. खीरे में लगभग 90 प्रतिशत तक पानी होता है, जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है. इसे सलाद के रूप में खाने से न सिर्फ शरीर को ठंडक मिलती है, बल्कि यह पेट को भी हल्का रखता है.
इसके बाद आता है कच्चा आम जिसे खासतौर पर आम पन्ना के रूप में इस्तेमाल किया जाता है. कच्चे आम से बना आम पन्ना शरीर के तापमान को संतुलित रखने में मदद करता है और साथ ही नमक व मसालों के साथ लेने पर यह इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी भी पूरी करता है.
वहीं तरबूज भी गर्मियों का सुपरफूड माना जाता है इसमें पानी की मात्रा बहुत अधिक होती है, जो शरीर को तुरंत ठंडक पहुंचाता है. तरबूज खाने से शरीर में पानी की कमी नहीं होती और थकान भी कम महसूस होती है.
गर्मियों में छाछ पीना भी बेहद फायदेमंद माना जाता है. यह न सिर्फ शरीर को ठंडा रखती है, बल्कि पाचन को भी बेहतर बनाती है. छाछ में मौजूद प्रोबायोटिक्स पेट को स्वस्थ रखते हैं और शरीर में पानी की कमी नहीं होने देते.
नारियल पानी भी गर्मियों के लिए जरूरी होता है जो प्राकृतिक एनर्जी ड्रिंक की तरह काम करता है. इसमें मौजूद इलेक्ट्रोलाइट्स शरीर को हाइड्रेट रखते हैं और पसीने के कारण होने वाली कमजोरी को दूर करते हैं. रोजाना एक गिलास नारियल पानी पीने से शरीर तरोताजा रहता है और गर्मी का असर कम होता है.




