अन्य खबरें

अंग्रेजी बाबू बेच रहा झालमुड़ी, लंदन में छाया कोलकाता का देसी स्ट्रीट फूड, स्वाद चख विदेशी हुए दीवाने!

Viral Video : अगर भारत के स्ट्रीट फूड की बात हो और कोलकाता का नाम न आए, ऐसा तो हो ही नहीं सकता है. पश्चिम बंगाल अपने चटपटे और अनोखे स्वाद के लिए जाना जाता है. इन्हीं में से एक बेहद लोकप्रिय स्नैक है झालमुड़ी, जो भारत के लोगों को बेहद पसंद है. मगर अब यह स्वाद सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि विदेशों में भी अपनी पहचान बना रहा है. हाल ही में लंदन से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसमें एक अंग्रेजी बाबू कोलकाता स्टाइल में झालमुड़ी बनाकर बेचता नजर आ रहा है. यही वजह है कि यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गया.बता दें कि सेलर पहले नौकरी करता था.

वीडियो में दिखता है कि सेलर बेहद पारंपरिक अंदाज में झालमुड़ी तैयार करता है. वह सबसे पहले एक स्टील के बर्तन में फूले हुए चावल डालता है, फिर उसमें ताजी धनिया पत्ती, बारीक कटे प्याज और खीरे मिलाता है. इसके बाद वह कई तरह के मसाले डालकर पूरे मिश्रण को एक लंबे पतले चाकू से अच्छी तरह मिलाता है. अंत में वह ताजा नींबू का रस निचोड़कर स्वाद को और भी चटपटा बना देता है. इस पूरी प्रक्रिया को देखकर ऐसा लगता है मानो आप कोलकाता की किसी गली में खड़े होकर स्ट्रीट फूड का मजा ले रहे हों. बता दें, इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @explorewithrehans नाम के पेज से शेयर किया है.

जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर आया, लोगों ने इसे हाथोंहाथ लेना शुरू कर दिया. कमेंट सेक्शन में यूजर्स ने मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं. किसी ने कहा कि चाकू तक बिल्कुल वही है, तो किसी ने मजाक में लिखा कि लगता है अंकल ने झालमुड़ी बनाने का कोर्स किया है. कई लोगों ने यह भी कहा कि विदेश में रहकर भी इस तरह का देसी स्वाद बनाए रखना काबिल-ए-तारीफ है. कुछ यूजर्स तो इस सेलर की पूरी कहानी जानने के लिए उत्सुक नजर आए.

वीडियो का सबसे खास हिस्सा उसका सर्विंग स्टाइल रहा है. झालमुड़ी को अखबार से बने पारंपरिक कोन में परोसा गया है. जैसा कि भारत में आमतौर पर देखा जाता है. ऊपर से इमली की चटनी की हल्की सी परत, भुजिया और बाकी के मसाले डालकर इसे और भी लाजवाब बना दिया गया है. इस डिश को कोलकाता स्टाइल, लंदन में ऑथेंटिक और स्पाइसी झालमुड़ी के तौर पर पेश किया गया है.

यह वीडियो न सिर्फ खाने के शौकीनों को आकर्षित कर रहा है, बल्कि यह भी दिखा रहा है कि भारतीय स्ट्रीट फूड की लोकप्रियता अब दुनिया भर में फैल चुकी है. स्वाद, परंपरा और देसी अंदाज का यह मेल लोगों को काफी पसंद आ रहा है और यही वजह है कि यह वीडियो लगातार वायरल हो रहा है.

Related Articles

Back to top button