दिल्ली

दिल्ली में धू-धू कर जलीं गाड़ियां, MCD पार्किंग में भड़की आग, 10 कारें और 2 स्कूटी जलकर राख

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के शाहदरा जिले में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब फर्श बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिहारी कॉलोनी में रेलवे लाइन के पास खड़ी कई गाड़ियों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पार्किंग में खड़े वाहन धू-धू कर जलने लगे। आग की ऊंची लपटें और आसमान में उठता धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई।

कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि कुछ ही देर में कई वाहन उसकी चपेट में आ गए। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आसपास के इलाके में फैलने से रोका। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग की वजह से पार्किंग में खड़े कई वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए।

10 कारें और 2 स्कूटी जलने की पुष्टि

अग्निशमन अधिकारी अनूप सिंह ने बताया कि आग एमसीडी की पार्किंग में लगी थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे में करीब 10 गाड़ियां और 2 स्कूटी जल गईं। उन्होंने कहा, ‘दमकल की चार गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।’ अधिकारियों के अनुसार आग बुझाने के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया ताकि आसपास मौजूद लोगों को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे।

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

फिलहाल दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या किसी ज्वलनशील पदार्थ की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी आधिकारिक तौर पर किसी कारण की पुष्टि नहीं की गई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button